11 अप्रैल खेल की सुर्खियों में आईपीएल का 16वां मैच दिल्ली और मुंबई के बीच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में तो महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने दी मुंबई को जीत की सलाह। डुप्लेसी पर लगा स्लो-ओवर रेट का जुर्माना तो आवेश खान पर भी की गई कार्रवाई। कप्तान राहुल ने बताया कौन रहे लखनऊ की जीत के हीरो।
घर पर दूसरी बार उतरेगी दिल्ली
पहली जीत की तलाश में दिल्ली कैपिटल्स की टीम अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दूसरी बार उतरेगी। टीम अब तक तीन मुकाबले हार चुकी है और उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहली जीत की तलाश है। दिल्ली को अगर जीत दर्ज करनी है तो उसे मुंबई के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी।
डुप्लेसी पर लगा जुर्माना, आवेश खान को फटकार
आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसी पर लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ धीमी ओवर गति के लिए 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। वह आईपीएल 2023 के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्हें यह जुर्माना झेलना पड़ा है। इसके अलावा लखनऊ के गेंदबाज आवेश खान को मैच रैफरी द्वारा फटकार लगाई गई है। दरअसल आखिरी गेंद पर मैच जीतने वाली लखनऊ की टीम के आवेश खान ने खुशी से अपना हेलमेट हवा में उछाला। इसके लिए मैच रेफरी ने उन्हें फटकार लगाई।
गावस्कर ने बताया कहां चूक रही मुंबई
महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने बताया कि मुंबई की टीम कहां चूक रही है। उन्होंने बताया कि मुंबई इंडियंस को वर्तमान आईपीएल में रोहित शर्मा और इशान किशन की सलामी जोड़ी के बीच अच्छी साझेदारी नहीं निभा पाने का नुकसान उठाना पड़ रहा है। मुंबई को पहले दो मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से हार का सामना करना पड़ा। दोनों मैचों में रोहित और इशान अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे थे।
राहुल ने बताया कौन है जीत का हीरो
लखनऊ के कप्तान ने आरसीबी के खिलाफ रोमांचक जीत का श्रेय निकोलस पूरन और मार्कस स्टोइनिस को दिया। पूरन ने 19 गेंद में 62 रन और स्टोइनिस ने 30 गेंद में आक्रामक 65 रन बनाए थे।
चेपॉक में भिड़ेगी सीएसके और रॉयल्स
आईपीएल के 17वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स अपने होम ग्राउंड पर राजस्थान के खिलाफ उतरेगी। इस मैच में शानदार फॉर्म में चल रहे राजस्थान के बल्लेबाज जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल को सीएसके के गेंदबाजों के सामने सावधान रहना होगा।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
