महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पुणे में खेले गए वर्ल्ड कप के 32वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 190 रन से हराकर प्वाइंट्स टेबल के टॉप पर जगह बना ली। न्यूजीलैंड के सामने 358 रन का लक्ष्य था, लेकिन साउथ अफ्रीका की धारदार गेंदबाजी के सामने पूरी टीम 35.3 ओवर में केवल 167 रन पर ढेर हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक 60 रन की पारी ग्लेन फिलिप्स ने खेली। फिलिप्स के अलावा विल यंग ने 33 रन बनाए। वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की यह दूसरी सबसे बड़ी हार है और
इस हार के साथ न्यूजीलैंड की टीम चौथे स्थान पर खिसक गई है।
मार्को यान्सेन और महाराज का धमाल
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यान्सेन और स्पिन गेंदबाज केशव महाराज ने आपस में 7 विकेट बांटे। महाराज ने 46 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि मार्केो यान्सेन ने 31 रन देकर 3 विकेट झटके। इन दोनों की गेंदबाजी के सामने शानदार फॉर्म में चल रहे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बेबस नजर आए। न्यूजीलैंड की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसकी ओर से सर्वाधिक 60 रन की पारी फिलिप्स ने खेली। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने क्विंटन डीकॉक के 114 और वान डर दुसेन की 133 रन की पारी के दम पर 4 विकेट खोकर 357 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए शानदार 200 रन की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा डेविड मिलर ने 29 गेंद पर विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेली। साउथ अफ्रीका का अगला मुकाबला 5 नवंबर को टीम इंडिया के खिलाफ होगा।
