Women's ODI World Cup 2025: दक्षिण अफ्रीका ने किया टीम का ऐलान, 17 साल की युवा खिलाड़ी को मिली टीम में जगह

दक्षिण अफ्रीका ने भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जाने वाले महिला वनडे विश्व कप 2025 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में 17 साल की युवा विकेटकीपर बल्लेबाज को जगह मिली है लेकिन संन्यास से वापसी करने वाली डेन वैन नीकर्क का नाम दल से नदारत है।

जोहान्सबर्ग: सत्रह वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज कराबो मेसो को इस महीने के अंत में भारत और श्रीलंका में शुरू होने वाले महिला एकदिवसीय विश्व कप के लिए बुधवार को दक्षिण अफ्रीका की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया। इस साल मार्च में श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में सीनियर टीम के लिए पदार्पण करने वाली मेसो ने अब तक दो एकदिवसीय और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। मेसो 2023 और 2025 में दो अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप में भाग लेने के बाद अपने पहले सीनियर विश्व कप में हिस्सा लेंगी।

South Africa Women Cricket team

दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट Proteas Women)

टीम में पूर्व कप्तान डेन वैन नीकर्क शामिल नहीं हैं जिन्होंने संन्यास के अपने फैसले को पलटकर वापसी का फैसला किया था। ऐसी संभावना थी कि टूर्नामेंट पूर्व शिविर में शामिल होने के बावजूद नीकर्क को टीम में जगह नहीं मिलेगी। टीम की कप्तानी लॉरा वोलवार्ट करेंगी और टीम में पूर्व कप्तान सुने लुस,मारिजेन कैप, क्लो ट्रायोन और अयाबोंगा खाका जैसी अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं।

End of Feed