स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स को पीछे छोड़ते हुए महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में अब दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। मंधाना ने यह उपलब्धि थाईलैंड के खिलाफ महिला एशिया कप के शुरुआती मैच के दौरान हासिल की। थाईलैंड के खिलाफ मंधाना ने 10 गेंद पर चार चौकों की मदद से 19 रन की पारी खेली।
अब, स्मृति मंधाना के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 10,756 रन दर्ज हो गए हैं। उन्होंने 172 T20I मैचों की 166 पारियों में 30.17 की औसत और 125.36 के स्ट्राइक रेट से 4,557 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। वह इस फॉर्मेट में वह दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं।
वनडे में जड़े हैं 14 शतक
मंधाना ODI में छठी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 120 मैचों की 120 पारियों में 47.88 की औसत से 5,411 रन बनाए हैं, जिसमें 14 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। 9 महिला टेस्ट मैचों की 16 पारियों में उन्होंने 52.53 की औसत से 788 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं।
मिताली राज से 112 रन दूर
बाएं हाथ की यह बल्लेबाज अब पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज से सिर्फ 112 रन पीछे हैं, जिनके नाम महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 10,868 रन हैं। वहीं, बेट्स के नाम महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 10,740 रन हैं और वह तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उनके बाद इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स (10,273 रन) और वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर (10,007 रन) का नंबर आता है।
महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली क्रिकेटर-
- मिताली राज - 10,868
- स्मृति मंधाना - 10,756
- सूजी बेट्स - 10,740
भारत ने जीत के साथ किया आगाज
मैच की बात करें तो भारत ने महिला एशिया कप में जीत के साथ आगाज किया। टीम इंडिया ने थाईलैंड को 94 रन से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शेफाली वर्मा के 64 रन की बदौलत 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। इसके जवाब में थाईलैंड की पूरी टीम 16.1 ओवर में 65 रन बनाकर सिमट गई। नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
