गॉल (श्रीलंका): श्रीलंका ने पूर्व कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (83 रन) और दिनेश चांदीमल (61 रन) के अर्धशतकों से न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 237 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 202 रन तक पहुंचा ली। दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान धनंजय डिसिल्वा और एजेंलो मैथ्यूज 34-34 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।
दूसरी पारी में श्रीलंका की खराब रही शुरुआत
श्रीलंका ने दूसरी पारी के तीसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका (02) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद टीम के अनुभवी खिलाड़ियों करुणारत्ने और चांदीमल ने मिलकर पिच की चुनौतीपूर्ण स्थितियों का डटकर सामना करते हुए दूसरे विकेट के लिए 147 रन की भागीदारी निभाई जो मैच के नतीजे में निर्णायक साबित हो सकती है। इन दोनों बल्लेबाजों ने स्पिन का बखूबी सामना किया, पर तेज गेंदबाजी के खिलाफ जूझते नजर आये।
विलियम ओरोरके ने दूसरी पारी में भी झटके 3 विकेट
पहली पारी में पांच विकेट झटकने वाले विलियम ओरोरके ने दूसरी पारी में अभी तक तीन विकेट चटका लिये हैं। एजाज पटेल ने करुणारत्ने को आउट कर इस शतकीय भागीदारी का अंत किया। इसके बाद ओरोरके ने अगले ओवर में चांदीमल को लेग स्लिप में कैच कराकर पहली पारी के शतकवीर कमिंदु मेंडिस को भी पवेलियन की राह दिखा दी। धनंजय डिसिल्वा और एंजेलो मैथ्यूज पांचवें विकेट के लिए अभी तक नाबाद 59 रन की भागीदारी कर चुके हैं।
340 रन पर समाप्त हुई न्यूजीलैंड की पहली पारी
शुक्रवार सबह खेल 15 मिनट पहले शुरू हुआ। न्यूजीलैंड ने सुबह चार विकेट पर 255 रन से आगे खेलते हुए पहली पारी 340 रन पर समाप्त की। श्रीलंका ने पहली पारी में 305 रन बनाये थे। न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने अपना अर्धशतक पूरा कर 57 रन बनाये जबकि ग्लेन फिलिप्स ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 48 गेंद में दो चौके और पांच छक्कों से 49 रन बनाये लेकिन अपने अर्धशतक से चूक गये। न्यूजीलैंड के लिए दूसरे दिन टॉम लाथम और केन विलियमसन ने अर्धशतक जड़े थे।
