सिद्धेश लाड बने मुंबई के कप्तान, शार्दुल ठाकुर को करेंगे रिप्लेस

मुंबई को नया कप्तान मिल गया है। शार्दुल की जगह सिद्धेश लाड 2026-27 रणजी सीजन में मुंबई को लीड करेंगे। लाड 2022-23 सत्र में गोवा से जुड़े थे, लेकिन वहां एक साल बिताने के बाद मुंबई लौट आए।

मध्यक्रम के अनुभवी बल्लेबाज सिद्धेश लाड को आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र के लिए मुंबई का कप्तान बनाया गया है। वह शार्दुल ठाकुर की जगह लेंगे। इसके अलावा सीमित ओवरों के घरेलू टूर्नामेंटों में श्रेयस अय्यर या सूर्यकुमार यादव में से किसी एक को टीम की कमान सौंपी जा सकती है। यह फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि दोनों खिलाड़ियों में कौन उपलब्ध रहेंगे। संभावना इस बात की ज्यादा है कि सूर्या यह जिम्मेदारी संभालें। शार्दुल को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत कप्तानी से हटाया गया है। उनकी कप्तानी में 42 बार की रणजी ट्रॉफी विजेता मुंबई की टीम क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक से हार कर बाहर हो गई थी।

Siddhesh Lad

सिद्धेश लाड (साभार-X)

लगातार दूसरे सीजन नए कप्तान के नेतृत्व में मुंबई

मुंबई टीम प्रबंधन का लक्ष्य ठाकुर को लाल गेंद वाली टीम के प्रमुख गेंदबाज के रूप में अधिकतम प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करना है। ठाकुर ने अतीत में मुश्किल परिस्थितियों में बल्ले से भी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुंबई लगातार दूसरे सत्र में नए कप्तान की अगुवाई में रणजी ट्रॉफी में उतरेगी। 2025-26 सत्र से पहले ठाकुर ने अजिंक्य रहाणे की जगह टीम की कमान संभाली थी। सभी प्रारूपों से इस साल जुलाई में संन्यास लेने वाले रहाणे ने 2023-24 सत्र में मुंबई को रिकॉर्ड 42वां रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाया था। फाइनल में मुंबई ने विदर्भ को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

End of Feed