क्रिकेट

Shubman Gill PC: रोहित शर्मा के वनडे से संन्यास लेने के सवाल पर क्या बोले उप-कप्तान शुभमन गिल

Shubman Gill PC: शुभमन गिल ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया की तैयारियों पर खुलकर बात की। इस दौरान उनसे रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से संन्यास के बारे में पूछा गया। इस पर गिल ने बेबाकी से जवाब दिया। अपनी बल्लेबाजी को लेकर भी गिल ने बात की।

Image

रोहित शर्मा और शुभमन गिल (साभार-X)

Shubman Gill PC: चैपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई में खेला जाएगा, जहां 25 साल बाद भारत और न्यूजीलैंड की टीम आपस में भिड़ेगी। इस मुकाबले से पहले ऐसी चर्चा है कि रोहित शर्मा चैंपियंस ट्रॉफी के बाद इस फॉर्मेट को छोड़ने पर विचार कर सकते हैं। इसको लेकर जब टीम के उप-कप्तान शुभमन गिल से सवाल किया गया तो उन्होंने बिना हिचके इसका जवाब दिया।

मैच से पहले गिल ने टीम इंडिया की बैटिंग लाइनअप पर भी प्रतिक्रिया दी और उन्हें बेस्ट बताया। गिल ने कहा 'यह सर्वश्रेष्ठ भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप है, जिसका मैं हिस्सा रहा हूं। इस टीम में सर्वकालिक महान विराट भाई और रोहित भाई जैसे खिलाड़ी हैं। रोहित भाई, सर्वश्रेष्ठ सलामी बल्लेबाजों में से एक, विराट भाई सर्वकालिक महान बल्लेबाज हैं। हमारी बल्लेबाजी में बहुत गहराई है। केएल, हार्दिक, श्रेयस सभी बढ़िया खेल रहे हैं।

रोहित के संन्यास पर गिल की प्रतिक्रिया

शुभमन गिल से जब पूछा गया कि क्या टीम में इस चीज को लेकर कोई चर्चा हुई है, तो उन्होंने सीधे-सीधे इस बात को टाल दिया और कहा कि ऐसी कोई भी चर्चा टीम में नहीं हो रही है। फिलहाल हमलोग फाइनल जीतने के बारे में सोच रहे हैं। हमको नहीं लगता है कि रोहित भाई भी इसके बारे में कुछ सोच रहे हैं। दरअसल जून में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। अब फैंस उसी को जोड़कर यह अनुमान लगा रहे हैं कि चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद रोहित दोबारा ऐसा फैसला ले सकते हैं।

दूसरा आईसीसी नॉकआउट फाइनल

शुभमन गिल के लिए यह मौका काफी बड़ा है। इंग्लैंड के खिलाफ सबसे सफल रहे गिल अब तक चैंपियंस ट्रॉफी में ज्यादा कुछ नहीं कर पाए हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के साथ-साथ फैंस को भी उम्मीद है कि इस बड़े मुकाबले में गिल के बल्ले से रन निकलेंगे। गिल के लिए यह दूसरा आईसीसी नॉकआउट मुकाबला है। इससे पहले 19 नवंबर 2023 को वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल में उतरे थे। वहां गिल केवल 4 रन ही बना पाए थे। उन्होंने उस गलती से सबक ली। अब उनका मानना है कि बड़े मुकाबले ज्यादा वक्त लेकर खेलना चाहिए। अगर गिल अपनी योजना पर खरे उतर पाते हैं तो टीम इंडिया को एक और आईसीसी ट्रॉफी मिल सकती है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article