क्रिकेट

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में हार के बाद कप्तान शुभमन गिल ने जताई इस बात पर निराशा

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में हार के लिए खराब फील्डिंग को जिम्मेदार ठहराया है। जानिए गिल ने हार के बाद क्या कहा?

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

एडिलेड: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने स्वीकार किया कि कैच छूटने और पर्याप्त स्कोर नहीं बना पाने की वजह से उनकी टीम को बृहस्पतिवार को यहां ऑस्ट्रेलिया से वनडे श्रृंखला गंवानी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को अपने हरफनमौला प्रदर्शन से दूसरे वनडे में दो विकेट से जीत दर्ज कर श्रृंखला में अजेय बढ़त बना ली। पर्थ में पहले मैच में भारत को सात विकेट से हार मिली थी। भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने कम से कम तीन मौके गंवा दिए जिनमें मैथ्यू शॉर्ट भी शामिल थे जिन्होंने 78 गेंद में 74 रन की शानदार पारी खेली।

मौके गंवाने का उठाना पड़ा खामियाजा

गिल ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कहा,'हमने ठीक ठाक रन बनाए थे। लेकिन जब आप इस तरह के स्कोर का बचाव करते हुए कुछ मौके गंवाते हैं तो यह कभी आसान नहीं होता।' युवा कप्तान को पिच में भी कोई कमी नहीं दिखी। उन्होंने कहा,'पहले मैच में टॉस ज्यादा अहम था क्योंकि बारिश आ गई थी। लेकिन इस मैच में दोनों टीमों ने लगभग 50 ओवर खेले। शुरुआत में विकेट से थोड़ी परेशानी हुई लेकिन 15-20 ओवर के बाद यह अच्छा था।'

रोहित शर्मा की बड़ी पारी खेलने से चूके

26 वर्षीय गिल ने सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा की 73 रन की जुझारू पारी की प्रशंसा करते हुए कहा,'लंबे समय बाद वापसी करते हुए खेलना कभी आसान नहीं होता। शुरुआती चरण थोड़ा चुनौतीपूर्ण था लेकिन उन्होंने जिस तरह बल्लेबाजी की उससे मैं बहुत खुश हूं। उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की, मैं कहूंगा कि वह एक बड़ी पारी खेलने से चूक गए।'

मार्श ने की युवा खिलाड़ियों की तारीफ

मिचेल मार्श की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलिया ने दोनों विभागों में गहराई दिखाई। घरेलू कप्तान ने अपने गेंदबाजी आक्रमण और युवा बल्लेबाजों के संयम की तारीफ की।

उन्होंने कहा,'वुड ने शानदार प्रदर्शन किया थे। हमारी गेंदबाजी इकाई विकेट लेने की कोशिश करती रही। युवाओं की बल्लेबाजी शानदार रही। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का भविष्य उज्ज्वल है। हम श्रृंखला में जीत का पूरा आनंद लेंगे। आज रात हम ज्यादा जश्न नहीं मनाएंगे। भारतीय टीम अनुभवी है।' लेग स्पिनर एडम जम्पा को चार विकेट लेने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article