मुंबई: युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर में फॉर्म में लौटते ही विश्व कप 2023 में गर्दा उड़ा दिया है। श्रेयस अय्यर ने नीदरलैंड के खिलाफ विश्व कप के आखिरी लीग मुकाबले में 128 रन की नाबाद शानदार शतकीय पारी खेली थी। इसी फॉर्म को उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भी जारी रखते हुए 67 गेंद में शतक जड़ दिया। टीम इंडिया के मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा के बाद विश्व कप में लगातार दो शतक जड़ने वाले अय्यर तीसरे भारतीय बने हैं। राहुल द्रविड़ ने साल 1999 में लगातार दो शतक विश्व कप में जड़े थे। वहीं रोहित शर्मा ने 2019 में एक कदम आगे बढ़ते हुए लगातार तीन शतक जड़ दिए थे। अय्यर 70 गेंद में 105 रन बनाकर आउट हुए।
67 गेंद में पूरा किया शतक
अब अय्यर ने ये मुकाम धमाकेदार अंदाज में 67 गेंद में शतक जड़कर हासिल किया। वो विश्व कप इतिहास में भारत के लिए तीसरा सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने। भारत के लिए मौजूदा विश्व कप में तीन सबसे तेज शतक आए हैं। केएल राहुल ने नीदरलैंड के खिलाफ 62 गेंद में शतक जड़ा था। वहीं रोहित शर्मा ने 63 गेंद में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना शतक पूरा किया था। अब अय्यर 67 गेंद में शतक जड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
विश्व कप 2023 में पूरे किए 500 रन
अय्यर ने अपने लगातार दूसरे शतक के साथ ही विश्व कप 2023 में 500 रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने 10 मैच की 10 पारियों में 522 रन 87 के औसत और 112.74 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। रोहित मौजूदा विश्व कप में 500 रन के आंकड़े को पार करने वाले तीसरे भारतीय और पांचवें खिलाड़ी हैं। विराट कोहली(711), क्विंटन डिकॉक(591), रचिन रवींद्र (565), रोहित शर्मा(550) ने अय्यर से पहले 500 रन मौजूदा विश्व कप में पूरे किए है। पहली बार किसी टीम के तीन खिलाड़ी एक विश्व कप में 500 रन के आंकड़े को पार करने में सफल हुए हैं।
