क्रिकेट

IND vs ENG 4th T20I: कप्तान श्रेयस अय्यर ने की इंग्लैंड के खिलाफ विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी

भारतीय टी20 टीम कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्टल में शानदार अर्धशतक जड़कर विराट कोहली के इंग्लैंड के खिलाफ बनाए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

Image

श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट BCCI X)

ब्रिस्टल: भारतीय टी20 टीम कप्तान श्रेयस अय्यर का फॉर्म इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार को ब्रिस्टल में खेले गए सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले में जारी रहा। चौथे पायदान पर बल्लेबाजी करने आए अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और टीम को 7 विकेट पर 158 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। अय्यर 49 गेंद में 80 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के जड़े। अय्यर ने अपनी इस पारी के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय कप्तान द्वारा टी20 में सबसे बड़ी पारी खेलने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

33 गेंद में जड़ा अय्यर ने अर्धशतक

अय्यर ने अपना अर्धशतक 33 गेंद में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। उनके अलावा इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना और कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं कर सका। अय्यर ने जहां अकेले 80(49) रन बनाए वहीं अन्य खिलाड़ियों ने 74(71) रन का योगदान दिया। वहीं चार रन टीम इंडिया को अतिरिक्त के रूप में मिले। विराट कोहली ने भी इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20 में बतौर कप्तान 80 रन की पारी खेली थी। अब अय्यर ने उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर

श्रेयस अय्यर ने सीरीज में अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए 4 मैच की 4 पारी में एक बार नाबाद रहते हुए 63.33 के औसत और 155.73 के स्ट्राइक केट से 190 रन बना लिए हैं। इसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज की शुरुआत अर्धशतकीय पारी के साथ की थी। वो सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। अय्यर के बाद सीरीज में खबर लिखे जाने तक दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं। उन्होंने 4 मैच की चार पारी में 128 रन 32 के औसत और 185.50 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article