T20 World Cup 2024 Prediction: अमेरिका और वेस्टइंडीज में 2 जून से शुरू होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के लिए सभी टीमें कमर कस चुकी हैं और मेजबान देशों में पहुंचना शुरू हो चुकी हैं। इसी बीच टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही भविष्यवाणियों और दावों का दौर भी शुरू हो चुका है। कौन सेमीफाइनल में जाएगा, कौन फाइनल में पहुंचेगा, कौन जल्दी बाहर हो जाएगा, ऐसे तमाम दावे पूर्व क्रिकेट दिग्गजों द्वारा किए जा रहे हैं। ताजा बयान आया है पाकिस्तान के पूर्व कप्तान व दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) की तरफ से, जिन्होंने अभी से दावा कर दिया है कि कौन सी चार टीमें टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली हैं।
टी20 विश्व कप 2009 की विजेता पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के सदस्य व उस संस्करण के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले शाहिद अफरीदी ने आगामी टी20 विश्व कप को लेकर भविष्यवाणी की है। उन्होंने अंतिम-4 टीमों के नाम बताए हैं जो उनके मुताबिक इस टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना लेंगी। अफरीदी के मुताबिक ये टीमें होंगी भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड।
गौरतलब है कि भारत, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया ने अब तक एक-एक टी20 विश्व कप खिताब अपने नाम कर लिया है, जबकि न्यूजीलैंड के हाथों में टी20 विश्व कप खिताब आना अभी बाकी है। न्यूजीलैंड ने टी20 विश्व कप 2021 के फाइनल में जगह जरूर बनाई थी लेकिन वहां वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार गए थे। वहीं पाकिस्तानी टीम की बात करें तो उन्होंने पिछले टी20 विश्व कप में भारत और जिंबाब्वे के खिलाफ अपने ग्रुप स्टेज गंवा दिए थे, लेकिन उसके बावजूद वे फाइनल तक जाने में सफल रहे थे। हालांकि फाइनल में उन्हें इंग्लैंड की टीम ने शिकस्त दे दी थी। इस बार पाकिस्तान को ग्रुप ए में भारत, आयरलैंड, कनाडा और अमेरिका के साथ रखा गया है।
पाकिस्तान के फाइनल में पहुंचने का है यकीन, लेकिन एक चिंता भी
शाहिद अफरीदी को यकीन है कि पाकिस्तान एक बार फिर टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचेगा लेकिन बीच के ओवरों में बल्लेबाजों के खराब स्ट्राइक रेट पर उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ, मोहम्मद आमिर और अब्बास अफरीदी जैसे गेंदबाजों के रहते पाकिस्तान के पास दुनिया का सर्वश्रेष्ठ तेज आक्रमण है।
टी20 विश्व कप के टूर्नामेंट दूत अफरीदी ने आईसीसी से कहा, "मुझे हमारे बल्लेबाजों के स्ट्राइक रेट को लेकर चिंता है। खासकर सातवें से 13वें ओवर के बीच। उम्मीद है कि इसमें सुधार होगा। आठ से नौ रन प्रति ओवर बनने चाहिये। पाकिस्तान मेरी नजर में खिताब की प्रबल दावेदार है।" अफरीदी का मानना है कि तेज गेंदबाजों पर बडी जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचेगा चूंकि वेस्टइंडीज और अमेरिका के हालात हमारी टीम को रास आयेंगे। किसी और टीम के पास इतना मजबूत गेंदबाजी आक्रमण भी नहीं है। हमारे तेज गेंदबाज कमाल के हैं। इन सभी गेंदबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी है। टीम के सभी खिलाड़ी अहम हैं लेकिन पिछले कुछ समय में बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, फखर जमां, शाहीन, नसीम शाह, हारिस रऊफ , शादाब खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुझे अगर एक को चुनना है तो मैं बाबर को चुनूंगा। वो कप्तान है और मैं चाहता हूं कि वो अच्छा खेले और अच्छे फैसले लेकर टीम को जीत दिलाये।"
