Shahid Afridi: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को 1 जून से संयुक्त राज्य अमेरिका और वेस्ट इंडीज में आयोजित होने वाले आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2024 के लिए आईसीसी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। शाहिद अफरीदी को टी20 वर्ल्ड कप का ब्रांड एंबेसेडर बना दिया गया है। अफरीदी पहले 20-टीम टी20 विश्व कप के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा चुने गए राजदूतों में भारत के दिग्गज युवराज सिंह, क्रिस गेल और स्प्रिंट सनसनी उसेन बोल्ट के साथ शामिल हो गए हैं।
अफरीदी दक्षिण अफ्रीका में आयोजित उद्घाटन टी20 विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे, जहां फाइनल में पाकिस्तान भारत से हार गया था। 2009 में, अफरीदी ने सेमीफाइनल और फाइनल में मैच विजेता प्रदर्शन के साथ पाकिस्तान को खिताब दिलाया। स्टार ऑलराउंडर ने टी20 विश्व कप के चार और संस्करण खेले और 2010 और 2016 में टीम की कप्तानी की।
टी20 वर्ल्ड कप मेरे दिल के करीब- अफरीदी
अफरीदी ने आईसीसी मीडिया विज्ञप्ति में कहा है कि' आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप मेरे दिल के काफी करीब है।शुरूआती चरण में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ से 2009 में ट्राफी जीतने तक मेरे करियर के कुछ अहम पल इसी मंच पर खेलते हुए बने हैं। मैं इस चरण का बतौर दूत हिस्सा बनकर रोमांचित हूं जिसमें हम पहले से कहीं अधिक टीमें, अधिक मैच और यहां तक कि ज्यादा रोमांच देखेंगे। '
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर उत्साहित- अफरीदी
इंग्लैंड में 2009 में हुए टूर्नामेंट में अफरीदी पाकिस्तान के लिए दूसरे सर्वाधिक रन जुटाने वाले खिलाड़ी रहे थे, उन्होंने 140 के स्ट्राइक रेट से दो अर्धशतक से 176 रन बनाये थे। अफरीदी टी20 विश्व कप के छह चरण में खेल चुके हैं। उन्होंने कहा,
'मैं नौ जून को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर काफी उत्साहित हूं। यह खेल की बड़ी प्रतिद्वंद्विता में से एक है और न्यूयॉर्क दोनों टीमों के बीच इस रोमांचकारी मैच के आयोजन के लिए बिलकुल सही मंच है।'
