क्रिकेट

क्या खतरे में है शाहीन अफरीदी का टेस्ट करियर? विंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए नहीं मिली टीम में जगह

क्या पाकिस्तान के धाकड़ तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का टेस्ट करियर खत्म होने के कगार पर है? उन्हें विंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है।

Image

शाहीन शाह अफरीदी

Photo : AP

कराची: पाकिस्तान के प्रमुख तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला के लिए टीम में नहीं चुना गया है जिससे उनका टेस्ट क्रिकेट में भविष्य खतरे में पड़ गया है। शाहीन को 2024 की शुरुआत से पाकिस्तान के आखिरी 12 टेस्ट मैचों में से आठ मैच से या तो बाहर कर दिया गया या फिर उन्हें तथाकथित रूप से विश्राम दिया गया।

शाहीन ने अबतक लिए हैं 32 टेस्ट में 116 विकेट

बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अभी तक 32 टेस्ट में 116 विकेट लिए हैं। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसकी धरती पर खेले गए दो टेस्ट मैच की श्रृंखला के लिए भी टीम में नहीं चुना गया था। तब चयनकर्ताओं ने स्पष्टीकरण दिया था कि वे उन्हें 19 फरवरी से शुरू होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए तरोताजा चाहते हैं।

विंडीज के खिलाफ नहीं दिया मौका, बीपीएल के लिए दी एनओसी

दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शाहीन को मौजूदा बांग्लादेश प्रीमियर लीग में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने में कोई संकोच नहीं किया, जबकि उसी समय दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट श्रृंखला चल रही थी। चयनकर्ताओं ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के लिए तेज गेंदबाज नसीम शाह, मीर हमजा, मुहम्मद अब्बास और आमिर जमाल को भी टीम में नहीं रखा जबकि वे दक्षिण अफ्रीका में खेली गई श्रृंखला में टीम का हिस्सा थे। पाकिस्तान इस श्रृंखला के दोनों मैच में हार गया था।

शाहीन-नसीम को किया जा रहा है चैंपियंस ट्रॉफी के लिए तैयार?

चयनकर्ताओं के एक करीबी सूत्र ने कहा कि शाहीन और नसीम दोनों को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए तैयार किया जा रहा है। सूत्र ने कहा, 'चयनकर्ता चाहते हैं कि शाहीन और यहां तक कि नसीम भी चैंपियंस ट्रॉफी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें क्योंकि यह 50 ओवरों की प्रतियोगिता है और हम गत चैंपियन हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article