Sanju Samson Fined:इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 56वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 20 रनों से मात दे दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए, कैपिटल्स ने घरेलू मैदान पर एक बड़ा स्कोर खड़ा किया और 20 ओवरों में 221 रन बनाए। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम केवल 201 रन ही बना सकी और 20 रनों से हार गई। मैच में राजस्थान रॉयल्स एक समय जीत के करीब थी हालांकि कप्तान संजू सैमसन के विकेट ने सबकुछ पलट कर ऱख दिया। सैमसन के कैच को लेकर जमकर विवाद हुआ और राजस्थान के कप्तान अंपायर से भिड़ गए जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। बीसीसीआई ने उन्हें आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन का दोषी करार दिया है और मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना भी लगा दिया है।
संजू सैमसन ने 17वें ओवर में मुकेश कुमार की एक गेंद को स्किड कर दिया, जिससे लग रहा था कि एक और छक्का जाएगा। हालांकि, बाउंड्री पर खड़े शाई होप ने शानदार कैच लेकर उन्हें आउट कर दिया। उन्होंने जो कैच लिया वह बाउंड्री रोप के बहुत करीब था और अंपायरों ने निर्णय के लिए इसे तीसरे अंपायर की ओर भेज दिया। रिप्ले में दिख रहा था कि होप ने क्लीन कैच लिया था। हालांकि, एक एंगल से ऐसा लग रहा था कि होप का पैर रस्सियों को छू गया था। तीसरे अंपायर माइकल गॉफ ने अन्य एंगलों पर ज्यादा गौर किए बिना इसे आउट दे दिया। जिसपर विवाद खड़ा हो गया।
