काठमांडू: नेपाल क्रिकेट बोर्ड ने आगामी मेंस क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर प्लेऑफ के लिए 15 सदस्यीय टीम की ऐलान कर दिया है। 4 दिसंबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए अनुभवी लेग-स्पिनर संदीप लामिछाने को टीम का कप्तान बनाया गया है। आईसीसी मुताबिक आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में मेजबान नेपाल के साथ इटली, नामीबिया, युगांडा, कुवैत, कनाडा, जर्सी और संयुक्त अरब अमीरात की टीमें हिस्सा लेंगी। यह टूर्नामेंट 21 दिसंबर तक चलेगा। इस प्रतियोगिता से उन चार टीमों का फैसला होगा जो आईसीसी मेंस क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर में आगे बढ़ेंगी।
नेपाल क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट Nepal Cricket X)
संदीप लामिछाने जिस टीम की कप्तानी करेंगे, उसमें कई अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें पूर्व कप्तान रोहित पोडेल, ऑलराउंडर दीपेंद्र सिंह ऐरी, तेज गेंदबाज करण केसी और विकेटकीपर-बल्लेबाज आसिफ शेख प्रमुख हैं। यह क्वालीफायर प्लेऑफ नेपाल और इसमें हिस्सा ले रही अन्य सात टीमों के लिए एक 2027 ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को ज़िंदा रखने का अहम मौका है। कोई भी टीम इस मौके को खाली नहीं जाने देना चाहेगी।
छह टीमें पहले ही मुख्य क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। इनमें दो बार की विश्व कप चैंपियन वेस्टइंडीज, आयरलैंड, नीदरलैंड, ओमान, स्कॉटलैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका शामिल हैं। 10 टीमों वाले इस क्वालीफायर में पांच-पांच टीमों के दो ग्रुप होंगे, जिसके बाद सेमी-फाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट की शीर्ष चार टीमें 2027 विश्व कप के लिए आगे बढ़ेंगी।
14 टीमों वाले इस विश्व कप की मेजबानी संयुक्त रूप से दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे करेंगे, जो कि फुल मेंबर होने की वजह से सीधे क्वालीफाई कर चुके हैं। 30 सितंबर, 2026 की आईसीसी मेंस वनडे रैंकिंग के कट-ऑफ के जरिए आठ अन्य टीमों ने भी अपनी जगह पक्की कर ली है। रैंकिंग के जरिए सीधे क्वालिफाई करने वाली आठ टीमें अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका की हैं।
