क्रिकेट

INDA vs SLA: श्रीलंका में जारी है साई सुदर्शन का धमाल, बैक टू बैक शतक जड़कर नंबर 3 की दावेदारी की मजबूत

श्रीलंका दौरे पर साई सुदर्शन का धमाल जारी है। उन्होंने अनऑफिशियल टेस्ट में बैक टू बैक शतक जड़कर टीम इंडिया में नंबर 3 की दावेदारी और भी मजबूत कर ली है। उन्होंने 166 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की।

Image

साई सुदर्शन (साभार-X)

श्रीलंका ए के खिलाफ साई सुदर्शन का शानदार प्रदर्शन जारी है। गाले में खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में भी साई सुदर्शन ने शतक जड़ दिया। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए देवदत्त पडिक्कल के साथ शतकीय साझेदारी करते हुए यह शतक जड़ा, जो इस दौरे पर उनका लगातार दूसरा शतक है। उन्होंने पहले अनऑफिशियल टेस्ट में भी शतक जड़ा था। सुदर्शन ने पारी के 56वें ओवर में एक रन लेकर 166 गेंद में 13 चौके की मदद से अपनी सेंचुरी पूरी की।

इंडिया ए ने श्रीलंका ए के पहली पारी के जवाब में दूसरे दिन 60 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 233 रन बना लिए हैं। इंडिया ए ने अपना एकमात्र विकेट अमन मोखाड़े के तौर पर खोया जो 48 गेंद में 38 रन की पारी खेलकर आउट हुए। 66 रन के स्कोर पर इंडिया ए को पहला झटका लगा, लेकिन उसके बाद साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका ए के गेंदबाजों को करारा जवाब दिया।

इससे पहले इंडिया ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 366 रन बनाए। श्रीलंका ए के लिए कप्तान सहन अराचिगे ने 127 रन की पारी खेली। इंडिया ए की ओर से गुरनूर ब्रार और सारंश जैन ने 4-4 विकेट जबकि यश ठाकुर ने दो विकेट चटकाए।

टॉप पर हैं साई सुदर्शन

इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले जा रहे दो अनऑफिशियल टेस्ट की सीरीज में साई सुदर्शन सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 2 मैच की 3 पारी में 241.00 की औसत और 64.61 की स्ट्राइक रेट से 241* रन बनाए हैं। इस तरह उन्होंने भारतीय टीम में नंबर 3 की अपनी पोजीशन की दावेदारी और भी मजबूत कर ली है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article