क्रिकेट

सचिन ने बताया क्यों आईपीएल 2026 में सफल हुए भुवनेश्वर कुमार (वीडियो)

सचिन तेंदुलकर ने बताया कि आखिर आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर कुमार इतने सफल क्यों रहे। उन्होंने एक वीडियो साझा किया जिसमें विस्तार से उन्होंने भुवी के स्किल की चर्चा की। भुवनेश्वर कुमार के लिए यह सीजन उनका सर्वश्रेष्ठ सीजन रहा।

Image

सचिन तेंदुलकर और भुवनेश्वर कुमार (साभार-X)

अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी रणनीति से खासे प्रभावित महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का मानना है कि भुवनेश्वर की ’वॉबली सीम’ के साथ सीधी लाइन पर की जा रही सटीक गेंदबाजी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बेहतरीन बल्लेबाजों को भ्रमित कर दिया है। वॉबल सीम तेज गेंदबाजी की ऐसी तकनीक है, जिसमें गेंदबाज गेंद को छोड़ते समय जानबूझकर उसकी सीम (सिलाई) को सीधा नहीं रखता, बल्कि उसे थोड़ा टेढ़ा कर देता है इससे गेंद हवा में लहराती हुई जाती है और पिच पर टप्पा खाने के बाद किसी भी दिशा में मुड़ सकती।

छत्तीस वर्षीय भुवनेश्वर ने भारत के लिए अपना पिछला मैच 2022 में खेला था। वह गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल से पहले इस सत्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 26 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। मेरठ के इस अनुभवी गेंदबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के फाइनल तक के सफर में युवा और अनुभवी दोनों तरह के बल्लेबाजों को परेशान किया है।

तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर लिखा, ’’भुवनेश्वर कुमार ने इस सत्र में वास्तव में शानदार गेंदबाजी की है। पिछले सत्रो में वह बड़ी आउटस्विंगर और उसके बाद बड़ी इनस्विंगर गेंद डालते थे। शायद यह उनका सोचा-समझा फैसला रहा हो, लेकिन इस बार वह जितना संभव हो सके, उतनी सीधी लाइन पर गेंदबाजी कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि बल्लेबाज भुवनेश्वर की कलाई की स्थिति को पढ़ पाने में असफल हो रहे हैं और गेंद पिच पर पड़ने के बाद किस दिशा में मूव करेगी, इसका अनुमान नहीं लगा पा रहे हैं।

तेंदुलकर ने कहा, ’’भुवनेश्वर वॉबली सीम के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं और गेंद पिच पर पड़ने के बाद किस दिशा में जाएगी, इसे लेकर बल्लेबाज असमंजस में रहते हैं। उनकी गेंदबाजी बेहद सटीक रही है। उनकी लाइन ऑफ स्टंप या अधिकतम चौथे स्टंप की लाइन पर रहती है। वह उसी चैनल में लगातार गेंदबाजी कर रहे हैं और सीम की हलचल बल्लेबाजों को भ्रमित कर रही है।’’ उन्होंने कहा, ’’बल्लेबाजों को उनकी कलाई से कोई संकेत नहीं मिलता। यही बात उनके लिए भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है और भुवनेश्वर को सफलता दिला रही है।’’

फाइनल में भी चमके भुवनेश्वर कुमार

गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल फाइनल में भी भुवनेश्वर कुमार ने कमाल की गेंदबाजी की। भुवी ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इसके साथ ही आईपीएल 2026 में भुवी के कुल विकेट 28 हो गए और यह उनके आईपीएल इतिहास का अब तक का बेस्ट प्रदर्शन है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article