क्रिकेट

RR vs RCB Pitch Report: राजस्थान और बैंगलोर के बीच आज के मैच की पिच रिपोर्ट

IPL 2024 Eliminator, RR vs RCB Pitch Report Today Match: आईपीएल 2024 (इंडियन प्रीमियर लीग) में आज प्लेऑफ का एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। आमने-सामने होंगी राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमें। ये एक नॉकआउट मुकाबला होगा। इसमें जिस टीम को हार मिली वो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। जबकि जीतने वाली टीम को दूसरे क्वालीफायर में सनराइजर्स हैदराबाद से टकराना होगा जो पहला क्वालीफायर हार चुकी है। उसके बाद तय होगा कि केकेआर के खिलाफ फाइनल कौन खेलेगा। आज राजस्थान-बैंगलोर मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जानिए वहां की ताजा पिच रिपोर्ट।

Image

राजस्थान-बैंगलोर आज के मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का एलिमिनेटर मुकाबला आज
  • आमने-सामने होंगी राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
  • अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा मुकाबला

IPL 2024 Eliminator, RR vs RCB Pitch Report Today Match: टी20 क्रिकेट की सबसे विशाल लीग के प्लेऑफ में आज दुनिया के सबसे विशाल क्रिकेट स्टेडियम अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore) को चुनौती देगी। एलिमिनेटर मुकाबले के नियमों के मुताबिक जो टीम आज हारी वो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम दूसरे क्वालीफायर में पहुंचकर सनराइजर्स हैदराबाद से टकराएगी और फिर उन दोनों टीमों का विजेता फाइनल में पहुंची जहां कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) उनका इंतजार कर रही है।

आज जब राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमों की टक्कर एलिमिनेटर मैच में होगी तो सभी की नजरें उन पर टिकी रहेंगी। ये करो या मरो का मुकाबला होगा। इस मैच से पहले आपको बताते हैं कि आईपीएल इतिहास में जब-जब राजस्थान-बैंगलोर की भिड़ंत हुई है तो पलड़ा किसका भारी रहा है। राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक30 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन मैचों में 15 मैच आरसीबी ने जीते हैं जबकि 13 मुकाबले राजस्थान रॉयल्स ने अपने पक्ष में किए हैं। वहीं, 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। अब बताते हैं कि आज के मैच में किन खिलाड़ियों पर फैंस की नजरें रहने वाली हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए उनके कप्तान संजू सैमसन (Sanju Samson) और यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) टी20 विश्व कप से पहले धमाल मचाना चाहेंगे, उनके अलावा युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) और रियान पराग (Riyan Parag) से भी सबकी उम्मीदें जुड़ी होंगी। वहीं बैंगलोर के लिए विराट कोहली (Virat Kohli), कप्तान फाफ डुप्लेसी (Faf du Plessis), रजत पाटीदार (Rajat Patidar), कैमरन ग्रीन (Cameron Green) और यश दयाल (Yash Dayal) पर फैंस की निगाहें रहेंगी।

राजस्थान-बैंगलोर मैच की पिच रिपोर्ट (RR vs RCB Pitch Report Today Match)

आईपीएल 2024 में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच आज का मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। काफी समय से ये कहा जा रहा था कि अहमदाबाद की पिच सपाट है और यहां रनों की बारिश होना तय है। वैसे टूर्नामेंट के शुरुआत से छह मैचों तक हुआ भी यही, लेकिन मंगलवार रात कोलकाता-हैदराबाद के बीच खेला गए क्वालीफायर मैच में इस मैदान की पिच का अलग ही रूप नजर आया। जिस हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तमाम मैचों में एक से एक रिकॉर्ड स्कोर बना डाले। वो केकेआर के सामने यहां ऐसी लड़खड़ाई कि बड़ी मुश्किल से वे 159 रन तक पहुंचे और ऑलआउट हो गए। बाद में कोलकाता की टीम ने 13.4 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यानी बल्लेबाजी तो जमकर हुई लेकिन सिर्फ एक पारी में नजर आई। इसके अलावा इस विकेट को तेज गेंदबाजों के लिए फायदेमंद माना जाता था लेकिन पहले क्वालीफायर मैच में स्पिनर्स ने भी मैच पलटने का काम किया। ऐसे में अब ये कहना मुश्किल है कि आज एलिमिनेटर मैच में यहां दोनों पारियों में रन बनेंगे, लेकिन इतना साफ है कि हर विभाग यहां अपना योगदान देता नजर आने वाला है।

इस ग्राउंड पर राजस्थान और बैंगलोर के आंकड़े (RR and RCB Stats At Ahmedabad)

अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम पिछले काफी समय से कई मैचों में सबको चौंकाता आया है और यहां की पिच एक बार फिर चौंका सकती है। फिलहाल आज के एलिमिनेटर मैच से पहले राजस्थान और बैंगलोर के इस ग्राउंड पर आंकड़ों को देख लेते हैं। इन दोनों टीमों के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर आईपीएल इतिहास में अब तक सिर्फ 2 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें दोनों टीमों ने 1-1 मैच जीता है। राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच यहां आखिरी बार टक्कर दो साल पहले 2022 में हुई थी। वो उस सीजन का दूसरा क्वालीफायर मैच था। उस दिन खेले गए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रजत पाटीदार की 58 रनों की पारी के दम पर 8 विकेट खोकर 157 रन बनाए थे। जवाब में उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 158 रनों का लक्ष्य सिर्फ 18.1 ओवर में 3 विकेट खोते हुए हासिल कर लिया था और फाइनल में जगह बनाई थी। मैच में राजस्थान के लिए हीरो की भूमिका निभाई थी ओपनर जोस बटलर ने जिनके बल्ले से 60 गेंदों में नाबाद 106 रनों की पारी निकली थी। दुर्भाग्यवश आज के एलिमिनेटर मैच में राजस्थान रॉयल्स को जोस बटलर का साथ नहीं मिलेगा क्योंकि वो स्वदेश रवाना हो चुके हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article