रोहित शर्मा ने रविचंद्रन अश्विन के एकदिवसीय विश्व कप में ओस के प्रभाव को कम करने के लिए मैच जल्दी शुरू करने के विचार का मंगलवार को समर्थन किया क्योंकि भारतीय कप्तान नहीं चाहते कि किसी बड़ी प्रतियोगिता में किसी टीम को अनुचित फायदा मिले। शाम के समय जब मैदान पर ओस गिरती है तो गेंदबाजों के लिए गेंद को पकड़ना मुश्किल हो जाता है जिससे लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम के लिए बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है।
अश्विन ने अक्टूबर-नवंबर में भारत में खेले जाने वाले विश्व कप के मैच सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर शुरू करने का प्रस्ताव दिया था। आमतौर पर भारत में एकदिवसीय मैच दोपहर एक बजकर 30 मिनट प शुरू होते हैं। हालांकि मीडिया अधिकार हासिल करने के लिए बड़ी रकम का भुगतान करने वाले प्रसारकों से इस विषय पर अंतिम निर्णय लेने की अपेक्षा की जाती है।
रोहित ने बुधवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले एकदिवसीय से पूर्व कहा, ‘‘यह एक अच्छा विचार है। यह एक विश्व कप है। आप नहीं चाहते कि टॉस की भूमिका अधिक हो। आप इसे पूरी तरह से हटाना चाहते हैं। मुझे जल्दी शुरुआत का विचार पसंद है लेकिन नहीं पता कि क्या यह संभव है। प्रसारणकर्ता फैसला करेंगे (हंसते हुए)।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आदर्श रूप से आप टीमों को ओस का फायदा उठाते हुए नहीं देखना चाहते। आप चाहते हैं कि क्रिकेट दूधिया रोशनी में ओस की मौजूदगी में बल्लेबाजी टीम को फायदे के बिना खेला जाए।’’
