भारत ने श्रीलंका को वनडे श्रृंखला में 3-0 से हराने के बाद न्यूजीलैंड को इसी अंतर से पराजित किया। उसने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा और अंतिम मैच यहां 90 रन से जीता। रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘‘इमानदारी से कहूं तो हम रैंकिंग को लेकर बहुत अधिक बात नहीं करते। यह मैच जीतने से जुड़ा है और जब हम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेंगे तो हमारा रवैया अलग नहीं होगा। यह आसान चुनौती नहीं होगी लेकिन हम उसके लिए तैयार हैं।’’
उन्होंने कहा,‘‘ पिछले छह वनडे मैच में हमने सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन किया। बल्ले और गेंद से हमने निरंतरता बनाए रखी।’’ भारत ने मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी की तेज गेंदबाजी जोड़ी को विश्राम दिया था और उनकी जगह यजुवेंद्र चहल और उमरान मलिक को अंतिम एकादश में रखा था।
रोहित ने कहा कि नौ विकेट पर 385 रन बनाने के बावजूद बल्लेबाजी के लिए अनुकूल विकेट पर जीत को सुनिश्चित नहीं माना जा सकता था। न्यूजीलैंड की टीम 41.2 ओवर में 295 रन पर आउट हो गई थी।
रोहित ने कहा, ‘‘सिराज और शमी के बिना हम दूसरे खिलाड़ियों को मौका देना चाहते थे। हम चहल और मलिक को टीम में रखना चाहते थे और उन्हें दबाव वाली परिस्थितियों से गुजरने का मौका देना चाहते थे। हमने अच्छा स्कोर खड़ा किया था लेकिन इस मैदान पर आप कोई भी स्कोर सुरक्षित नहीं मान सकते।’’
