क्रिकेट

IND vs AFG ODI Series: चोट से उबरकर हिटमैन ने की वापसी, नेट्स पर बहाया जमकर पसीना

चोट से उबरने के बाद रोहित शर्मा ने मैदान पर वापसी कर ली है। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले मोहाली में रोहित शर्मा ने जमकर पसीना बहाया है।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

मोहाली: पूर्व कप्तान रोहित शर्मा बुधवार को यहां भारत के सफेद गेंद के नेट सत्र में शामिल हुए तथा युवा और उभरते सितारों की मौजूदगी के बावजूद आकर्षण का केंद्र बने रहे। भारतीय टीम की बस के आई एस बिंद्रा स्टेडियम परिसर में पहुंचने से पहले ही लोगों में उत्सुकता थी। हाल में खेल से दूर रहने के कारण उनकी फिटनेस को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि पीटीआई ने मंगलवार को ही खबर दी थी कि अनुभवी सलामी बल्लेबाज को खेलने की मंजूरी मिल गई है।

फिर भी जब भारतीय टीम ट्रेनिंग के लिए इकट्ठा हुई तो यह साफ हो गया कि सबकी नजरें किस पर होंगी। भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर भी मौजूद थे।

यशस्वी जायसवाल के अलावा युवा खिलाड़ी गुरनूर बरार, प्रिंस यादव और हर्ष दुबे भी अभ्यास कर रहे थे। लेकिन जब रोहित (39 वर्ष) ट्रेनिंग मैदान पर पहुंचे तो सबकी नजरें उन्हीं पर टिक गईं।

रोहित का सत्र बल्लेबाजी नेट्स से दूर शुरू हुआ। उन्होंने ’स्ट्रेंथ एंव कंडीशनिंग’ कोच एड्रियन ले रूक्स के साथ कुछ मिनट बातचीत की और फिर आगे पीछे दौड़ने वाली हल्की दौड़ शुरू की। ड्रिल के दौरान ईशान किशन उनके साथ रहे और रोहित ने लगभग पांच सेट पूरे किए। फिटनेस को लेकर हालिया चिंताओं के बावजूद उन्हें कोई परेशानी नहीं दिखी। हालांकि असली उत्सुकता तब बढ़ी जब उन्होंने पैड पहने।अगले एक घंटे तक उनकी हर हरकत पर बारीकी से नजर रखी गई क्योंकि वह कभी तेज गेंदबाजों के नेट पर तो कभी स्पिनरों के नेट में अभ्यास कर रहे थे। वहां मौजूद कुछ लोग उनके हर शॉट और हर चूक पर नजर रखे हुए थे।

ब्रेक के बाद वापसी करने वाले बल्लेबाज के लिए शुरुआती संकेत उम्मीद के मुताबिक ही थे। वह थोड़े असहज दिखे और बाउंड्री लगाने के बजाय टाइमिंग पर ध्यान दे रहे थे। नीतीश कुमार रेड्डी ने शुरुआत में ही उन्हें इन कटर पर पगबाधा आउट कर दिया। इसके बाद उन्होंने गुरनूर बरार और प्रिंस यादव की कुछ गेंदों को छोड़ा।

फिर कुछ झिझक भरे शॉट खेले और कुछ बार गेंद को खेलने की कोशिश में चूके भी। ऐसा लग रहा था कि उनका ध्यान लय फिर से हासिल करने पाने पर है। हालांकि जल्द ही उनके आक्रामक खेल की झलक भी दिखी। उन्होंने अर्शदीप सिंह की एक गेंद पर अपने खास ’फ्लिक’ शॉट से डीप मिडविकेट के ऊपर पहुंचाया। इसके बाद प्रिंस ने एक वाइड यॉर्कर डालने की कोशिश की, लेकिन रोहित ने उसे दूसरी दिशा में मोड़ दिया। अब भी कुछ कमियां थीं।

जब गुरनूर ने एक शॉर्ट गेंद फेंकी, तो रोहित ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की। लेकिन गेंद बल्ले के बीचों-बीच नहीं लगी। फिर भी सत्र के दौरान उनके खेल में सुधार साफ दिख रहा था। जब वह स्पिनरों के नेट पर पहुंचे, तो उनके खेल में काफी सहजता आ चुकी थी। ऑफ-ब्रेक नेट बॉलर के खिलाफ उन्होंने लगातार सीधे छक्के लगाए जो बहुत आसान लग रहे थे। ऐसे शॉट्स जिनकी वजह से पिछले लगभग दो दशकों से उनकी बल्लेबाजी की पहचान बनी हुई है। आने वाले दिनों में यह और साफ हो जाएगा कि वह असल में किस स्थिति में हैं। बुधवार के नेट सत्र से कोई पक्का जवाब तो नहीं मिला। लेकिन इससे एक चैंपियन बल्लेबाज की लय में लौटने की कोशिश की झलक जरूर मिली।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article