क्रिकेट

रोहित शर्मा पर कोई दबाव नहीं, भारतीय बैटिंग कोच कोटक ने संन्यास की अटकलों को खारिज किया

India Batting Coach On Rohit Sharma Retirement Rumours: भारत-इंग्लैंड दूसरे वनडे मैच के बीच एक खबर ने खलबली मचा दी जिसके हिसाब से भारतीय टीम के पूर्व कप्तान व दिग्गज ओपनर रोहित शर्मा लॉर्ड्स में होने वाला सीरीज का आखिरी वनडे मैच उनके करियर का अंतिम मैच होगा। अब रोहित के फॉर्म को लेकर बात करते टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने अपने बयान के जरिए संन्यास की अफवाहों को खारिज किया है।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया की हार के बाद, ऐसी अफवाहें उड़ीं कि रोहित शर्मा रविवार को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले सीरीज के तीसरे व अंतिम वनडे मैच में भारत के लिए आखिरी बार खेलते नजर आएंगे। भारतीय क्रिकेट टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया। पिछले साल कप्तानी से हटाए जाने के बाद से ही रोहित के भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं, क्योंकि टीम इंडिया आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए योजनाएं बना रही है।

टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक से जब पूछा गया कि क्या टीम रोहित से आगे बढ़कर यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन को ओपनिंग में मौका देगी, तो कोटक ने कहा कि 39 वर्षीय खिलाड़ी पर कोई दबाव नहीं है और दो पारियां एक खिलाड़ी के तौर पर उनकी काबिलियत तय नहीं करतीं।

भारतीय टीम के बैटिंग कोच ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि रोहित शर्मा पर कोई दबाव होगा। वह इतने अच्छे खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा महसूस नहीं होगा। भले ही उन्होंने रन नहीं बनाए, मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ता है। लेकिन आज भी ऐसा लग रहा था कि शायद वह एक अच्छी पारी खेलेंगे, पर कोई बात नहीं।"

दूसरे वनडे मैच में रोहित के लंबे संघर्ष के बारे में बात करते हुए, कोटक ने मुश्किलों को ज़्यादा अहमियत नहीं दी और उम्मीद जताई कि सीरीज़ के निर्णायक मैच में वह अपनी बेहतरीन फ़ॉर्म में लौट आएंगे। गौरतलब है कि दूसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा 47 गेंदों में 26 रनों की धीमी पारी खेलने के बाद आउट हो गए थे।

रोहित शर्मा के बारे में बात करते हुए बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा, "सच कहूं तो, मैंने बहुत क्रिकेट खेला है और बहुत क्रिकेट देखा भी है। कई बार ऐसा होता है कि बल्लेबाजों को वह मोमेंटम नहीं मिल पाता जिसकी उन्हें तलाश होती है, और ऐसा हो सकता है। हो सकता है कि लॉर्ड्स में आप रोहित शर्मा की बिल्कुल अलग पारी देखें। इसलिए मैं यह नहीं कहूँगा कि वह संघर्ष कर रहे थे, लेकिन शायद जिन शॉट्स को वह आम तौर पर 'अप एंड अप' (गेंद के उछलते ही) खेलते हैं, उन्हें खेलने में उन्हें सहजता महसूस नहीं हुई होगी, शायद पिच पर गेंद के 'डबल बाउंस' की वजह से ऐसा हुआ। शुभमन को अच्छी शुरुआत मिली, फिर विराट को भी अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन शायद उन्हें अपने पसंदीदा एरिया में गेंदें नहीं मिलीं या वह अपनी लय नहीं पकड़ पाए। मुझे ऐसा ही लगा। इसलिए, मैं ऐसा नहीं कहूंगा, क्योंकि रोहित जैसे खिलाड़ी से आप निश्चित रूप से बिल्कुल अलग पारी देख सकते हैं। और मुझे लगता है कि मैंने कई बल्लेबाजों के साथ ऐसा होते देखा है। तो, ऐसा सिर्फ रोहित के साथ नहीं हुआ... मैं यह शब्द इस्तेमाल नहीं करूंगा कि वो संघर्ष कर रहे थे।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article