दुबई: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला आखिरकार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ चल निकला। रोहित ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। 17वीं बार आईसीसी इवेंट में शिरकत कर रहे रोहित शर्मा पहली बार फाइनल मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेलने में सफल हुए। रोहित 74(83) रन बनाकर रचिन रवींद्र की गेंद पर गच्चा खाकर स्टंपिंग हो गए। रोहित ने आगे निकलकर छक्का जड़ने की कोशिश की जो नाकाम रही और टॉम लैथम ने विकेट के पीछे गिल्लियां बिखरेने में कोई गलती नहीं की। रोहित के आउट होते ही टीम इंडिया का स्कोर 26.1 ओवर में 3 विकेट पर 123 रन हो गया।
खत्म हुआ 18 साल का इंतजार
रोहित ने साल 2007 में टी20 विश्व कप के फाइनल में पहली बार शिरकत की थी। उसके बाद से अबतक रोहित आईसीसी इवेंट के फाइनल में सात बार खेले लेकिन उनका बल्ला एक बार भी नहीं चला सका। उन्हें फाइनल में पहले पचासे के लिए 18 साल लंबा इंतजार करना पड़ा।
आईसीसी फाइनल में अर्धशतक जड़ने वाले तीसरे कप्तान
अर्धशतक पूरा करते ही रोहित आईसीसी इवेंट के फाइनल में अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय कप्तानों के स्पेशल क्लब में भी शामिल हो गए हैं। उनसे पहले सौरव गांगुली और एमएस धोनी ये कारनामा कर चुके हैं। सौरव गांगुली ने साल 2002 में नैरोबी में न्यूजीलैंड के खिलाफ 117 रन की पारी खेली थी। वहीं एमएस धोनी ने साल 2011 में श्रीलंका के खिलाफ मुंबई में 91 रन की नाबाद पारी खेली थी। अब रोहित इस क्लब में 74 रन की पारी के साथ शामिल हो गए।
