क्रिकेट

ICC Champions Trophy 2025: क्या चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद रोहित शर्मा लेंगे वनडे क्रिकेट से संन्यास?

रोहित शर्मा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। जानिए क्या है वजह?

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

नई दिल्ली: एक कुशल बल्लेबाज ही नहीं बल्कि शानदार कप्तान के रूप में लंबे समय से भारतीय क्रिकेट को अपनी सेवाएं देने वाले रोहित शर्मा चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वनडे में अपने भविष्य को लेकर फैसला कर सकते हैं। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले फाइनल में जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है और अगर वह इसमें सफल रहता है तो फिर महेंद्र सिंह धोनी के बाद रोहित शर्मा एक से अधिक आईसीसी प्रतियोगिता जीतने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन जाएंगे। रोहित की कप्तानी में भारत ने पिछले साल वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप जीता था। इसके बाद रोहित और विराट कोहली ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप से संन्यास ले लिया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि रोहित चैंपियंस ट्रॉफी के बाद इस तरह का फैसला कर सकते हैं और इसमें मैच का परिणाम कोई भूमिका नहीं निभाएगा।

अजीत आगरकर के साथ कर सकते हैं भविष्य पर चर्चा

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों के अनुसार चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित वनडे में अपने भविष्य को लेकर चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के साथ चर्चा कर सकते हैं। भारतीय क्रिकेट में देखा गया है कि चयनकर्ता किसी बड़े खिलाड़ी के भविष्य को लेकर फैसला नहीं करते हैं बल्कि खिलाड़ी स्वयं इसको लेकर बोर्ड के शीर्ष पदाधिकारियों से बात करते हैं। अगर भारत चैंपियंस ट्रॉफी जीतता है तो कप्तान रोहित संन्यास की घोषणा कर सकते हैं लेकिन यह बात समझ में आती है कि फाइनल से पहले वह संन्यास से जुड़े सवालों से बचने के लिए संवाददाता सम्मेलन में नहीं आए।

शुभमन ने नहीं की संन्यास की पुष्टि

रोहित की जगह उप कप्तान शुभमन गिल ने पत्रकारों को संबोधित किया और स्पष्ट किया कि ड्रेसिंग रूम में किसी खिलाड़ी के संन्यास को लेकर कोई चर्चा नहीं चल रही है। इससे पता चलता है कि मामला कितना संवेदनशील है। इतना तय है कि कोहली और रोहित वनडे से एक साथ संन्यास नहीं लेंगे। टी20 विश्व कप के बाद ऐसा हुआ क्योंकि उस प्रारूप में उनके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हासिल करने के लिए और कुछ नहीं बचा था। अगर अन्य प्रारूप की बात करें तो कोहली की निगाह टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने पर टिकी हैं। उनके समकालीन बल्लेबाज स्टीव स्मिथ, जो रूट और केन विलियमसन पहले ही यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

विराट का टेस्ट में खेलते रहना तय

एक टेस्ट क्रिकेटर के रूप में कोहली का आगे खेलना निश्चित है और इस साल होने वाले इंग्लैंड दौरे में उनकी जरूरत पड़ेगी। लेकिन यही बात रोहित के लिए नहीं कही जा सकती जो ऑस्ट्रेलिया के दौरे के दौरान अच्छी फॉर्म में नहीं होने के कारण सिडनी में खेले गए अंतिम टेस्ट मैच से स्वयं बाहर हो गए थे। क्या रोहित वनडे से संन्यास लेंगे और टेस्ट क्रिकेट में बने रहेंगे, या उन्हें घरेलू धरती पर वनडे मैच खेल कर विदाई लेने का मौका दिया जाएगा, इसका जवाब भविष्य के गर्त में छिपा है लेकिन अगर भारत के भविष्य के दौरान कार्यक्रम (एफटीपी) पर गौर करें तो भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दिसंबर में होने वाली श्रृंखला से पहले स्वदेश में कोई वनडे मैच नहीं खेलना है। इसका मतलब होगा कि भारतीय कप्तान अगर बांग्लादेश में होने वाली वनडे श्रृंखला, श्रीलंका में होने वाले एशिया कप और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की श्रृंखला में नहीं खेलते हैं तो उन्हें नौ मार्च के बाद अगला वनडे खेलने का मौका दिसंबर में ही मिलेगा। अगर रोहित को लगता है कि वह 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक टीम में नहीं बने रहेंगे तो क्या चैंपियंस ट्रॉफी के बाद वह इस प्रारूप में खेलना जारी रखेंगे। इस सवाल का जवाब रविवार को काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article