Rohit Sharma Hitman Name Story in Hindi: टीम इंडिया के कैप्टन रोहित शर्मा क्रिकेट जगत में जितना अपनी ओपनिंग और बैटिंग के लिए जाने जाते हैं, उतना ही उनका एक निक नेम भी मशहूर है। फैंस और फॉलोअर्स से लेकर टीममेट्स तक उन्हें इस नाम से पुकारते हैं। यह नाम है- हिटमैन, जो कि महज निकनेम नहीं बल्कि अपने-आप में उनकी मुकम्मल पहचान को बयान करता है।
हालांकि, उन्हें "शर्मा जी का लड़का" नाम से जाना जाता है, मगर उनके चाहने वाले उन्हें हिटमैन की छवि में अधिक पसंद करते हैं। उन्हें इस नाम से क्यों पुकारा जाता है और आखिरकार यह नाम आया कहां से? आइए, उनके जन्मदिन (30 अप्रैल को) के मद्देनजर जानते हैं इसी से जुड़ी रोचक बातें:
बैटिंग स्टाइल बना नाम के पीछे का कारण?
आईपीएल में मुंबई इंडियंस के मौजूदा कप्तान शर्मा के खेल से जो लोग वाकिफ हैं, वे यह जानते हैं कि मैदान में चाहे कैसे भी हालात हों उन्हें छक्के मारने में कोई बहुत जद्दोजहद नहीं करनी पड़ती है। खास बात यह है कि जितनी सहजता और शान-ए-शौकत के साथ यह काम (विशेष रूप से पुल शॉट्स) आनंद लेते करते हैं, उसने उन्हें 'हिटमैन' नाम दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
क्रिकेटर रोहित शर्मा। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)
...तो रवि शास्त्री से भी है निक नेम का कनेक्शन
उन्हें यह नाम 2013 में मिला था। कर्नाटक के बेंगलुरू में एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में उन्होंने तब ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर की पहली डबल सेंचुरी (दोहरा शतक) जड़ी थी। शर्मा ने निकनेम से जुड़ी कहानी का खुलासा करते हुए तब बताया था कि कैसे पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर रवि शास्त्री ने उन्हें यह नई पहचान (हिटमैन) दिलाने में मदद की थी।जब छक्के से डबल सेंचुरी की थी पूरी और फिर...
रोहित तब 197 रन पर खेल रहे थे। उन्होंने छक्के के साथ अपना दोहरा शतक पूरा किया था। इसी बीच, शास्त्री ने कमेंट्री बॉक्स से कहा था, "वनडे इंटरनेशनल मैच में 200 रन बनाने का यह क्या तरीका है! वे उसे हिटमैन कहते हैं और वह पार्टी में पहुंच जाता है।" यहीं से हिटमैन टर्म रोहित के लिए आया और कई क्रिकेट फैंस उनके लिए इसे यूज करने लगे। युवराज सिंह के साथ लॉकडाउन के समय इस्टा लाइव में शर्मा ने इस किस्से का जिक्र किया था।तारीफ में शर्मा जी के लड़के को मिला यह तमगाबकौल रोहित, "मैं जब 209 रन बनाकर पवेलियन लौटा था, तब मुझे पारी के बाद फ्लैश इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। मैं लगभग 222 मिनट्स तक खेलने के बाद तब बहुत थका था, इसलिए मैंने मना कर दिया था। मैंने मीडिया मैनेजर से कहा कि मैं नहीं जा सकता। आप किसी और को ले लीजिए। मुझसे कहा गया- "यह उस तरह का रिकॉर्ड है, आपको आना ही होगा। यह दुनिया भर में देखा जाएगा।" मैंने इसके बाद हामी भरी। मैं जब वहां पहुंचा तो मुझसे ब्रॉकास्टर ने कहा- आपने तो 'हिटमैन' की तरह खेला है।"
