Most Sixes in World Cup 2023: सेमीफाइनल में रोहित शर्मा अर्धशतक से चूके, लेकिन बना डाले कई वर्ल्ड रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 15, 2023, 03:37 PM IST

Most Sixes in World Cup 2023, Highest Sixes in ICC ODI Cricket World Cup By Player: रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अर्धशतक से चूक गए लेकिन उन्होंने अपने नाम इस छोटी सी पारी के दौरान कई रिकॉर्ड कर लिए।

मुंबई: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में धमाकेदार बल्लेबाजी की। रोहित 29 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हुए। टिम साउदी की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में रोहित शर्मा मिड ऑफ में कीवी कप्तान केन विलियमसन के हाथों लपके गए। इस आतिशी पारी के दौरान रोहित ने 4 चौके और 4 छक्के जड़े।

विश्व कप में सबसे तेज 1500 रन

रोहित भले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़ने से चूक गए लेकिन उन्होंने विश्व कप का एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रोहित विश्व कप के 27वें मैच की 27वीं पारी में बल्लेबाजी करते हुए 1500 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही रोहित विश्व कप इतिहास में साझा रूप से सबसे तेज 1500 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।

विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के

अपनी इस पारी के दौरान रोहित शर्मा ने विश्व कप के एक संस्करण और इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी भी बन गए। रोहित मौजूदा विश्व कप के 10 मैच की 10 पारियों में कुल 28 छक्के जड़ चुके हैं जो अपने आप में नया रिकॉर्ड है। रोहित से पहले ये रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज था। गेल ने साल 2015 में 26 छक्के जड़े थे। इसके अलावा रोहित विश्व कप इतिहास में 50 से ज्यादा छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बन चुके हैं। उनके नाम 27 मैच में 51 छक्के हो गए हैं।

End of Feed