Rishabh Pant Statement: गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 408 रन के बड़े अंतर से हराकर दो मैचों की श्रृंखला में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है। इस हार के बाद, कार्यवाहक भारतीय कप्तान ऋषभ पंत ने बुधवार को स्वीकार किया कि भारतीय टीम को टेस्ट क्रिकेट में एक यूनिट के रूप में बेहतर बनने की सख्त जरूरत है, और यह भी कहा कि घरेलू हालात में खेलने से नतीजों को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
ऋषभ पंत (फोटो- AP)
पंत ने कहा: 'नतीजों को हल्के में नहीं ले सकते'
मैच के बाद पंत ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि एक टीम के तौर पर भारत को और बेहतर प्रदर्शन करने की आवश्यकता है। उन्होंने विरोधी टीम को श्रेय दिया, जिसने पूरी श्रृंखला में दबदबा बनाए रखा।पंत ने कहा, "यह थोड़ा निराशाजनक है। एक टीम के तौर पर हमें बेहतर प्रदर्शन करना होगा। हमें विरोधी टीम को श्रेय देना होगा। उन्होंने पूरी श्रृंखला में दबदबा बनाया लेकिन घरेलू धरती पर खेलने से आप क्रिकेट को हल्के से नहीं ले सकते हैं।"
उन्होंने इस श्रृंखला से सीख लेने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की बात पर जोर दिया। पंत ने कहा, "हमें इससे सीख लेकर एक टीम के रूप में आगे बढ़ना होगा। हमें अपनी मानसिकता स्पष्ट रखनी होगी। हमें इससे सीखना होगा और बेहतर बनना होगा।" विकेटकीपर-बल्लेबाज ने स्वीकार किया कि दक्षिण अफ्रीका ने पूरी श्रृंखला में बेहतर क्रिकेट खेली और भारत परिस्थितियों का फायदा नहीं उठा सका।
तेम्बा बावुमा ने बताया 'बड़ी उपलब्धि'
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा श्रृंखला में जीत से बेहद खुश दिखे और उन्होंने इसे एक 'बड़ी उपलब्धि' बताया।बावुमा ने कहा, "यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। आप हर समय भारत में आकर श्रृंखला नहीं जीत सकते। एक टीम के रूप में हमने भी खराब दिन देखे हैं और ऐसे में पूरा श्रेय खिलाड़ियों को जाता है।" उन्होंने टीम की मानसिकता में आए बदलाव को जीत का श्रेय दिया। बावुमा ने कहा, "हम जैसा करना चाहते हैं उसको लेकर हमारी सोच में बड़ा बदलाव आया है। हमारी तैयारी शानदार थी और हमारे खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए मैदान पर उतरते हैं।"
पुरस्कार और प्रदर्शन
मैन ऑफ द सीरीज: ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर को श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। हार्मर ने कहा कि वह 10 साल बाद भारत में खेलकर सुखद यादें लेकर जा रहे हैं, और भारतीय टीम को हराना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।
मैन ऑफ द मैच: मार्को जानसन को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहली पारी में 93 रन बनाए और मैच में सात विकेट लिए। जानसन ने कहा कि भारत में जीतना खास होता है और उन्होंने इसके लिए कोच शुकरी कॉनराड को श्रेय दिया, जिन्होंने उन्हें 'स्वाभाविक खेल' खेलने के लिए प्रेरित किया।
