IPL 2024 के लिए ऋषभ पंत ने शुरू किया अभ्यास, होगी वापसी लेकिन बदल सकती है भूमिका

  • Agency by: भाषा
  • Updated Feb 20, 2024, 11:27 PM IST

भारतीय टीम के धाकड़ बल्लेबाज ऋषभ पंत ने चोट से उबरने के बाद आईपीएल 2024 में वापसी के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन नए सीजन में दिल्ली की टीम में उनकी भूमिका में बड़ा बदलाव हो सकता है।

नई दिल्ली: विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कर्नाटक के अलूर में अपनी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स द्वारा आयोजित अभ्यास मैच में हिस्सा लेने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में वापसी की राह पर हैं। पंत दिसंबर 2022 में भीषण कार दुर्घटना गंभीर रूप से चोटिल हुए थे। इसके कारण उन्हें लिगामेंट की सर्जरी करानी पड़ी थी। वह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन (चोट से उबरने की प्रक्रिया) कर रहे हैं और मार्च के आखिरी सप्ताह के आस-पास शुरू होने वाले आईपीएल की शुरुआत से पहले मैच फिटनेस हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस बांए हाथ के बल्लेबाज ने पिछले साल भी एक प्रदर्शनी मैच में भाग लिया था।

Rishabh Pant

ऋषभ पंत अभ्यास करते हुए (साभार Rishabh Pant)

एनसीए के एक सूत्र ने बेंगलुरु के पास अलूर में ‘इंट्रा-स्क्वाड’ मैच का जिक्र करते हुए कहा, ‘मैच मूल रूप से उनकी शारीरिक फिटनेस के आकलन के लिए था। वह कुछ समय से नेट सत्र में बल्लेबाजी कर रहे थे और अभ्यास मैच में खेलना इसके अगले चरण की तरह है।'

End of Feed