क्रिकेट

LSG vs KKR: पंत ने बताया किस योजना से कोलकाता के खिलाफ लखनऊ ने पलटी बाजी

LSG vs KKR: लखनऊ ने कोलकाता के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 4 रन से जीत दर्ज की। कोलकाता के सामने 239 रन का लक्ष्य था, लेकिन पंजाब किंग्स की टीम निर्धारित ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 234 रन ही बना सकी। मैच के बाद पंत ने बताया कि उन्होंने अपने गेंदबाजों को क्या हिदायत दी थी।

Image

ऋषभ पंत (साभार -IPL)

LSG vs KKR: लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने मंगलवार को कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों के पावरप्ले में शानदार प्रदर्शन के बाद गेंदबाजों को संदेश दिया गया है कि वे अपनी योजना पर कायम रहें और ज्यादा प्रयोग नहीं करें। सुपर जाइंट्स के 239 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स ने 10 ओवर में दो विकेट पर 129 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद उसका बल्लेबाजी क्रम ध्वस्त हो गया जिससे मेजबान टीम को चार रन से हार का सामना करना पड़ा।

पंत ने मैच के बाद कहा, ‘‘पहले पावरप्ले के बाद हमने गेंदबाजों से योजना पर कायम रहने और ज्यादा कुछ करने की कोशिश नहीं करने के बारे में बात की। मुझे लगता है कि जब हमने बल्लेबाजी की तो हमें इसका अहसास नहीं था लेकिन पावरप्ले के बाद हमें पता था कि मुकाबला काफी करीबी होगा।’’ इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि उन्होंने केकेआर से लय छीनने के लिए खेल को धीमा करने की कोशिश की।

पंत ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से यह एक सतर्क निर्णय था क्योंकि जब खेल उस गति से चल रहा हो तो आपको इसे धीमा करना पड़ता है। कभी-कभी यह काम करता है, कभी-कभी नहीं। मुझे खुशी है कि आज यह काम कर गया।’’ मैच में 40 ओवर में 472 रन बनने के बाद नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा किया कि गेंदबाजों के लिए यह कठिन दिन था और यहां तक कि घरेलू स्पिनरों सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती को भी जूझना पड़ा।

रहणे ने कहा, ‘‘जब आप 230 से अधिक रनों का पीछा कर रहे होते हैं तो आप पीछा करते हुए विकेट खोते हैं। यह बल्लेबाजी करने के लिए सबसे अच्छे विकेटों में से एक था। बल्लेबाजों को जमने में थोड़ा समय लगा। हमारे पास जो गेंदबाजी आक्रमण है उससे हम बीच के ओवरों को अच्छी तरह से नियंत्रित करते हैं। सुनील गेंद से संघर्ष कर रहे थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सुनील और वरुण आमतौर पर बीच के ओवरों में हावी होते हैं लेकिन आज गेंदबाजों के लिए यह कठिन था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article