क्रिकेट

खराब प्रदर्शन के बाद ऋषभ पंत ने छोड़ी लखनऊ की कप्तानी

लगातार दो सीजन खराब प्रदर्शन करने के बाद ऋषभ पंत ने लखनऊ की कप्तानी छोड़ दी है। लखनऊ ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से इस बात की जानकारी शेयर की। पंत की कप्तानी में लखनऊ ने इस बार आखिरी नंबर पर फिनिश किया था।

Image

ऋषभ पंत (साभार-x)

लखनऊ सुपर जांयट्स ने आधिकारिक तौर पर ऋषभ पंत की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस सीजन आखिरी पोजिशन पर खत्म किया था। कप्तानी के साथ-साथ पंत ने बल्लेबाजी में भी संघर्ष किया था। अब लखनऊ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी। पोस्ट में लिखा ' लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने घोषणा की है कि ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी से कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया है, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है।

क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा, “ऋषभ ने फ्रेंचाइजी से इस संबंध में संपर्क किया था और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार कर लिया है। ऐसे फैसले लेना कभी आसान नहीं होता। कप्तान के रूप में ऋषभ ने टीम को जो कुछ भी दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। अब हम टीम के साथ नई योजना के साथ आगे बढ़ेंगे।

प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम

आईपीएल 2026 की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बनी थी। पंत की कप्तानी में लखनऊ ने 14 मैच में से केवल 4 में जीत दर्ज की और 10 हार और 8 अंकों के साथ टेबल में सबसे आखिरी स्थान पर फिनिश किया। इतना ही नहीं पंत की कप्तानी में 2025 का सीजन भी लखनऊ के लिए अच्छा नहीं रहा था। 2025 में भी लखनऊ 14 मैच में से केवल 6 जीत दर्ज की थी और 12 अंकों के साथ 7वें पोजीशन पर फिनिश किया था। कप्तान के तौर पर पंत ने लखनऊ के साथ 28 मैच खेले जिसमें से 10 में जीत और 18 में हार का सामना करना पड़ा। उनका जीत प्रतिशत 35.7 प्रतिशत रहा।

बल्लेबाजी में भी फेल रहे पंत

ऋषभ पंत को लखनऊ ने 27 करोड़ में अपने साथ जोड़ा था। अब प्राइस टैग का दबाव हो या फिर कुछ और लेकिन पंत अपनी क्षमता के अनुसार बल्लेबाजी करने में भी फेल रहे थे। 2026 में पंत 14 मैच की 13 पारी में 28.36 की औसत से केवल 314 रन बना पाए। इस दौरान वो केवल एक अर्धशतकीय पारी खेल पाए। 2025 में भी पंत का हाल कमोबेश यही था। पिछले सीजन पंत के नाम 14 मैच में केवल 269 रन थे।

कौन ले सकता है पंत की जगह?

पंत के जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल है कि अगले सीजन इस टीम की कमान कौन संभाल सकता है। वर्तमान में कोई भारतीय नाम टीम में नहीं है जो पंत की जगह ले सके। एडेन मार्करम इस फ्रेंचाइजी के लिए कप्तानी कर चुके हैं, लेकिन अगर टीम मैनेजमेंट भारतीय कप्तान की तलाश में हैं तो ऐसे में उन्हें अगले साल होने वाले मेगा ऑक्शन में एक कप्तान ढूंढना होगा और हार्दिक पांड्या एक विकल्प हो सकते हैं। पांड्या का भी मुंबई इंडियंस से अलग होना लगभग तय है।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article