क्रिकेट

IND vs AFG: नहीं सुधर रहे ऋषभ पंत, अफगानिस्तान के खिलाफ कर दी फिर पुरानी बचकानी हरकत; टीम इंडिया को हुआ नुकसान

भारतीय टेस्ट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अफगानिस्तान के खिलाफ शतक की तरफ मजबूत कदमों से बढ़ रहे थे। हालांकि, तभी वह गलती कर बैठे और आउट हो गए। पंत से बीसीसीआई ने टेस्ट टीम की उप-कप्तानी छीन ली है।

Image

खराब शॉट खेलकर आउट हुए पंत। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच मुल्लांपुर में खेला जा रहा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 564 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। केएल राहुल और कप्तान गिल ने शतकीय पारी खेली। वहीं, साई सुदर्शन, वाशिंगटन सुंदर के साथ-साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी अर्धशतक जड़े। पंत शतक के बेहद करीब पहुंच गए थे लेकिन अपनी बचकानी हरकत की वजह से आउट हो गए।

जब अफगानिस्तान के खिलाफ ओनली टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया का ऐलान हुआ था। तब एक फैसले ने सभी को हैरान किया था। ये फैसला था, ऋषभ पंत को टेस्ट टीम की उप-कप्तानी से हटाने का। ये फैसला इसलिए लिया गया था ताकि, पंत अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान दे सकें, लेकिन पंत हैं कि अपनी गलती से सीख ही नहीं रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में शानदार पारी खेली, लेकिन फिर वही गलती कर गए जो बार-बार करते हैं। इसका कई बार खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा है।

खेला गैर-जिम्मेदाराना शॉट

टेस्ट मैच के पहले दिन ऋषभ पंत ने दमदार अर्धशतक जड़ा। वह जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे उससे लग रहा था कि आसानी से शतक पूरा कर लेंगे। मैच के पहले दिन पंत का बदला हुआ अंदाज दिखा था। आमतौर पर आक्रामक खेलने वाले पंत शांति के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे। इससे उम्मीद जगी थी कि पंत ने अपनी शैली बदली है और पहले से ज्यादा जिम्मेदारी से खेल रहे हैं। हालांकि, दूसरे दिन पंत ने अपना पुराना वाला अंदाज दिखाया और फिर गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट हो गए। पंत शतक की तरफ बढ़ रहे थे। तभी उन्होंने एक बड़ा शॉट मारने की कोशिश की और कैच आउट हो गए।

कर ली धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी

ऋषभ पंत के विकेट में हैरानी वाली बात यह रही कि उन्हें आउट करने के लिए अफगानिस्तान ने जाल बिछाया और पंत इस चाल को बखूबी समझ रहे थे। फिर भी उन्होंने वह गलती की। शाहिदी पंत को गेंदबाजी कर रहे थे। शाहिदी ऑफ स्पिनर हैं और वह जानते थे कि पंत अटैक करेंगे और इसलिए उन्होंने पहले से ही लॉन्ग ऑफ ले लिया था। पंत ने इस बात को नजरअंदाज किया और शाहिदी की गेंद पर आगे निकलकर लॉन्ग ऑफ पर ही शॉट खेला। अजमतुल्लाह जाजई ने ये कैच लेने में कोई गलती नहीं की। पंत 81 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही उन्होंने धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

धोनी टेस्ट क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज 80 और 90 के बीच में सबसे ज्यादा बार आउट होने वाले भारतीय थे। अब पंत ने उनकी बराबरी कर ली है। दोनों ही विकेटकीपर बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में 8 बार 80 या 90 रन के बीच में आउट हो चुके हैं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article