IPL 2025 Updates: IPL 2025 से पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली कैपिटल्स ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की। दरअसल दिल्ली कैपटिल्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग को हटा दिया गया है। वह IPL 2025 में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। उन्होंने साल 2018 से पहले इस टीम को बतौर हेड कोच ज्वाइन किया था। पंटर की कोचिंग में दिल्ली साल 2020 में पहली बार आईपीएल फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी। बतौर हेड कोच उन्होंने 7 साल तक दिल्ली कैपिटल्स में अपनी सेवा दी।
रिकी पोंटिंग (साभार-IPL)
दिल्ली कैपिटल्स की टीम साल 2021 में प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब रही थी, लेकिन वह अगले दौर में नहीं जा पाई थी। ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है कि पोंटिंग को सौरव गांगुली रिप्लेस करेंगे जो अब तक बतौर डायरेक्टर टीम के साथ जुड़े थे।
सौरव गांगुली ने बंगाली अखबार आजकाल से बातचीत करते हुए कहा 'हमें अगले साल के आईपीएल के लिए प्लान करना होगा। मैं एक बार दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल जीतना चाहता हूं। अगले साल मेगा ऑक्शन होना है और हमने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। एक खबर ब्रेक करता हूं। रिकी पोंटिंग अगले साल दिल्ली कैपिटल्स के कोच नहीं रहेंगे। ज्योफ्री बायकाट ने ठीक कहा था, पोंटिंग पिछले सात साल से टीम को आगे नहीं ले जा पा रहे थे। हमनें फ्रैंचाइजी से बात की और कहा कि कोई भारतीय कोच को कंसिडर करे। मैं अगले साल दिल्ली का हेड कोच रहूंगा, देखता हूं मैं कैसा परफॉर्म करता हूं।'
गांगुली सबसे पहले साल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स के साथ बतौर सहायक जुड़े थे। उसके बाद वह बीसीसीआई के प्रेसिडेंट बन गए। 3 साल तक बीसीसीआई चीफ रहने के बाद दोबरा वह दिल्ली कैपिटल्स से टीम डायरेक्टर के तौर पर जुड़े। इस बड़े बदलाव के बाद अब दिल्ली कैपिटल्स की टीम में भी कुछ नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं। इस घटनाक्रम के बाद मेगा ऑक्शन में दिल्ली को हॉट फेवरेट बना दिया है क्योंकि उसकी नजर एक नई और प्रभावी टीम बनाने पर होगी। हालांकि, टीम की कमान ऋषभ पंत के हाथ में ही होगी। इसके अलावा तूफानी बल्लेबाजी करने वाले जैक फ्रेजर मैकगर्क को रिटेन किया जा सकता है जिन्होंने आईपीएल 2024 में 234 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए थे।
