क्रिकेट

आईपीएल ट्रॉफी डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पाटीदार बने तीसरे कप्तान

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीत ली। आरसीबी के सामने जीत के लिए 156 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसके साथ ही आरसीबी टाइटल डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बन गई।

Image

विराट कोहली (साभार- X)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेज मास्टर विराट कोहली की नाबाद अर्धशतकीय पारी के दम पर गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर आईपीएल की ट्रॉफी सफलतापूर्वक डिफेंड कर ली। आरसीबी के सामने जीत के लिए 156 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 5 विकेट खोकर 18 ओवर में हासिल कर लिया। विराट कोहली 42 गेंद में 75 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके साथ ही आरसीबी सफलतापूर्वक आईपीएल ट्रॉफी डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बन गई।

इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर टीम 155 रन ही बना पाई। गुजरात ने पावरप्ले में ही अपने मैच विनर खिलाड़ी शुभमन गिल और साई सुदर्शन का विकेट खो दिया था। सुदर्शन 12 रन जबकि शुभमन गिल 10 रन बनाकर आउट हो गए। वो तो भला हो वाशिंगटन सुंदर का जिन्होंने अर्धशतकीय पारी खेलकर गुजरात को 150 रन के पार पहुंचा दिया। सुंदर ने 37 गेंद में 50 रन की पारी खेली। आरसीबी की ओर से रसिख सलाम डार ने 3 और जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने 2-2 विकेट चटकाए।

तीसरी टीम बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

इसके साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल ट्रॉफी डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले 18 साल के आईपीएल इतिहास में केवल दो टीम यह कारनामा कर पाई थी। सबसे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 में पहली बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाई थी और इसे 2011 में सफलतापूर्वक डिफेंड किया था। दूसरी बार यह कारनामा मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की कप्तानी में किया था।

मुंबई ने 2019 में चौथी बार चैंपियन बनी थी और फिर उसने 2020 में इसे सफलतापूर्वक डिफेंड किया था। एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद अब रजत पाटीदार यह कारनामा करने वाले तीसरे कप्तान बन गए हैं। इतना ही नहीं पाटीदार ने इस सीजन पहली बार 400 प्लस रन बनाए और दूसरी बार टीम को चैंपियन बना दिया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article