रोहित शर्मा के आखिरी वनडे डिबेट की टाइमिंग पर रविचंद्रन अश्विन ने सवाल उठाए हैं। अश्विन के अनुसार अगर सेलेक्टर वनडे वर्ल्ड कप 2027 में रोहित और विराट को खेलते नहीं देखना चाहती है तो इसकी जानकारी उन्हें पहले ही दे देनी चाहिए थी। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा के करियर का आखिरी वनडे होगा, लेकिन देर रात बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
इस बीच अश्विन ने कहा है कि साउथ अफ्रीका दौरे पर हमें अब भी रोहित-विराट जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की दरकार है। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से इस पर प्रतिक्रिया दी और कहा 'मैं सोच रहा हूं कि हम सितंबर और अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका जा रहे हैं। क्या हमें विराट कोहली और रोहित शर्मा की जरूरत है? अगर आप मुझसे पूछेंगे, तो मैं कहूंगा कि हमें उनके अनुभव की जरूरत है। मुझे पता है कि यशस्वी जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन अगर आपको एक चयनकर्ता, कोच या कप्तान के रूप में यह महसूस हुआ कि हम इन खिलाड़ियों को 2027 विश्व कप में नहीं चाहते हैं, तो आप चैंपियंस ट्रॉफी के अंत में यह बात बता सकते थे।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- वनडे वर्ल्ड कप 2027 क्वालीफायर खेलने वाली टीमों के लिए अच्छी खबर, अब मिलेगी सीधे ग्रुप स्टेज में एंट्री
जब बात सीनियर खिलाड़ियों की हो तो ईमानदार तरीके से बातचीत काफी मायने रखती है। उन्होंने कहा 'अगर आप किसी खिलाड़ी के पास जाकर उससे कहें कि हम उसे टीम से बाहर करना चाहते हैं, तो कोई भी खिलाड़ी इसे पसंद नहीं करेगा। यहां तक कि जब कोच ऑस्ट्रेलिया में मुझसे मिलने आए और उन्होंने मुझसे कहा कि वे मुझसे आगे की सोच रहे हैं तो मैंने इसे स्वीकार कर लिया। किसी भी खिलाड़ी के साथ एक खराब सीरीज हो सकती है, लेकिन आपको खिलाड़ी से बात करनी होगी।
