नई दिल्ली: चेतेश्वर पुजारा के करियर के 100वें टेस्ट मैच में टीम इंडिया के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विकेटों का एक अनोखा शतक पूरा कर लिया। कंगारू विकेटकीपर एलेक्स केरी उनका 100वां ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट शिकार बने। दिल्ली में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में अश्विन ने एलेक्स कैरी को कोहली के हाथों कैच कराकर अपना 100वां विकेट पूरा किया। कैरी बिना खाता खोले आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार है रिकॉर्डऑस्ट्रेलिया बल्लेबाज रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ यूं ही नहीं खौफ खाती है। वो उनके खिलाफ अपनी फिरकी से कहर परपाते हैं इस बात की तस्दीक उनके गेंदबाजी आंकड़ों से होती है जो कि बेहद डराने वाले हैं। अश्निन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 टेस्ट की 37 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 29.38 के औसत से 100 विकेट चटका लिए हैं। कंगारुओं के खिलाफ 6 बार पारी में 5 विकेट और एक बार मैच में 10 या उससे ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 103 रन देकर 7 विकेट और मैच में 198 रन देकर 12 विकेट रहा है।
कुंबले के नाम दर्ज है कंगारुओं के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेटअनिल कुंबले ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 टेस्ट की 38 पारियों में 30.32 के औसत से 111 विकेट अपने नाम किए। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के इतिहास में 100 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले कुंबले पहले गेंदबाज बने थे। ऐसे में अब इस सूची में अश्विन का नाम भी दर्ज हो गया है। 95 विकेट चटका चुके नाथन लॉयन भी इस स्पेशल क्लब में शामिल होने से पांच कदम दूर हैं। अगर वो दिल्ली टेस्ट में पांच विकेट अपने नाम करने में सफल होते हैं तो भारत के खिलाफ विकेटों का सैकड़ा जड़ने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन जाएंगे।
