दुबई: न्यूजीलैंड के युवा सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। रचिन रवींद्र ने
टूर्नामेंट में ऑलराउंड प्रदर्शन किया और अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। उन्होंने टूर्नामेंट में चार मैच में सबसे ज्यादा 263 रन बनाए और 3 विकेट भी अपने नाम किए। भारत के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 37 रन की पारी खेली और गेंदबाजी में 2 विकेट चटकाए। उनका ये प्रदर्शन टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुआ।
टूर्नामेंट में जड़े दो शतक
चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मुकाबले में रचिन रवींद्र नहीं खेल सके थे। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में वापसी की और डेब्यू मैच में शतक जड़ दिया। बांग्लादेश के खिलाफ रावलपिंडी नें 112 रन की पारी के साथ की थी। इसके बाद भारत के खिलाफ दुबई में वो केवल 6 रन बना सके। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 108 रन बनाए और टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। फाइनल में वो 37 रन बना सके।
चैंपियंस ट्रॉफी डेब्यू में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कीवी
रचिन रवींद्र ने चैंपियंस ट्रॉफी डेब्यू में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कीवी बल्लेबाज बन गए। रचिन रवींद्र ने 4 मैच में 263 रन बनाए। रचिन चैंपियंस ट्रॉफी डेब्यू में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें पायदान पर आ गए हैं। चैंपियंस ट्रॉफी डेब्यू में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम दर्ज है। धवन ने साल 2013 में 363 रन बनाए थे। उनके अलावा उपुल थरंगा ने 2006 में 320 रन , तमीम इकबाल ने साल 2017 में 293 और वीरेंद्र सहवाग ने 2002 में 271 रन पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी में खेलते हुए बनाए थे। इस शानदार प्रदर्शन के साथ रचिन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड अपने नाम करने में सफल रहे। टूर्नामेंट में दो बार वो प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए।
