क्रिकेट

PCB पर फिर लगा गंभीर आरोप, पाक दिग्गज खिलाड़ी बोले- 'बोर्ड नहीं चाहता की हम वर्ल्ड कप जीतें'

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खराब प्रदर्शन के बाद एक तरफ जहां बाबर आजम और उनकी टीम पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं इस बीच सीनियर खिलाड़ी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर कड़े सवाल खड़े किए हैं।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम

Photo : AP

क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने 6 में से केवल 2 मैच जीते हैं और वे सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर नजर आ रहे हैं। इस खराब प्रदर्शन के बाद जहां क्रिकेट एक्सपर्ट्स बाबर आजम और टीम के प्रदर्शन पर सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं टीम के ही सीनियर खिलाड़ी ने इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को दोषी ठहराया है।

पाकिस्तान पुरुष क्रिकेट टीम के एक वरिष्ठ खिलाड़ी ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि देश का क्रिकेट बोर्ड नहीं चाहता कि टीम भारत में चल रहे आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप 2023 में पाकिस्तान अच्छा प्रदर्शन करे और इसे जीते। क्रिकेटर ने अपनी पहचान छुपाते हुए क्रिकबज को बताया है कि पीसीबी अपनी राजनीती में व्यस्त है और चाहता है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप हार जाए ताकि वे अपने हिसाब से टीम में बदलाव कर सकें।

बोर्ड नहीं चाहता की हम जीतें

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक एक सीनियर खिलाड़ी ने पीसीबी की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि "बोर्ड चाहता है कि टीम विफल हो जाए, वे नहीं चाहते कि हम विश्व कप जीतें, ताकि वे बदलाव कर सकें और नियंत्रण कर सकें कि टीम का नेतृत्व कौन करेगा और टीम में कौन आएगा।"

पीसीबी ने टीम में बनाया खराब माहौल

सीनियर खिलाड़ी ने एशिया कप 2023 में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद ड्रेसिंग रूम में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच हुई लड़ाई का उदाहरण देते हुए बोर्ड पर खराब माहौल बनाने के लिए ड्रेसिंग रूम की बातें सार्वजनिक रूप से लीक करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि "टीम के भीतर जो भी झगड़े, बहस या असहमति होती है वह काफी आम है।हम सभी इसे आपस में निपटाने के काबिल हैं इसमें बाहरी हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है।हम समझते हैं कि यह टूर्नामेंट हमारे लिए क्या मायने रखता है और इसे जीतने के लिए हमें एक साथ खेलना होगा। लेकिन इससे तब मदद नहीं मिलती जब ड्रेसिंग रूम के भीतर की बातें बोर्ड के कुछ स्वार्थी लोगों द्वारा लीक कर दी जाती है।'

पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने 6 में से केवल 2 मैच जीते हैं। ऐसे में उन्हें अब वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए सारे मैच जीतने जरूरी हैं। साथ ही टीम को दूसरी टीमों पर भी निर्भर रहना होगा। टीम को उम्मीद करनी होगी कि टॉप चार में मौजूद टीमों में से कोई भी एक या दो मैच हारे। इसके बाद भी बाबर सेना को नेट रनरेट अच्छी रखनी होगी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article