क्रिकेट

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने रोहित और विराट की मेसी और रोनाल्डो से की तुलना, 2027 वर्ल्ड कप में देखने की जताई इच्छा

Rashid Latif Praise Rohit Sharma and Virat Kohli: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज रहे राशिद लतीफ ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को भारत का रोनाल्डो और मेसी कहा है। लतीफ ने कहा कि इन दोनों में से किसी एक को वनडे विश्व कप 2027 का हिस्सा जरूर होना चाहिए।

Image

रोहित शर्मा विराट कोहली (फोटो- AP)

Rashid Latif Praise Rohit Sharma and Virat Kohli: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गजों, रोहित शर्मा और विराट कोहली, की तुलना फुटबॉल के महान खिलाड़ियों क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी से की है। लतीफ ने ज़ोर देकर कहा है कि इन दोनों में से कम से कम किसी एक खिलाड़ी को वनडे विश्व कप 2027 का हिस्सा जरूर होना चाहिए।

लंबा प्रारूप, सीनियर खिलाड़ी की जरूरत

आईएएनएस से रोहित और विराट के अगले विश्व कप खेलने की संभावना पर बात करते हुए राशिद लतीफ ने कहा कि वनडे क्रिकेट जैसे लंबे प्रारूप में सीनियर खिलाड़ियों की उपस्थिति आवश्यक है।लतीफ ने कहा: "अभी 2026 पूरा बाकी है। हमें देखना होगा कि कितने वनडे मैच निर्धारित हैं और उनमें से कितने वे खेलेंगे, लेकिन सीनियर खिलाड़ियों को जरूर टीम में होना चाहिए। वनडे क्रिकेट एक लंबा प्रारूप है। अगर रोहित और विराट नहीं तो कम से कम एक को जरूर टीम का हिस्सा होना चाहिए।"

उन्होंने टीम संयोजन की जटिलताओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कभी-कभी खिलाड़ी उपलब्ध होते हैं, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करना संभव नहीं हो पाता, जिसका उदाहरण उन्होंने यशस्वी जायसवाल को दिया। उन्होंने साई सुदर्शन और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों के भी मौके के हकदार होने की बात कही। लतीफ ने निष्कर्ष निकाला कि अगर दोनों को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना संभव नहीं है, तो कम से कम एक को जरूर शामिल किया जाना चाहिए।

'क्लास हमेशा के लिए होती है'

लतीफ ने रोहित और विराट दोनों को ही बेहतरीन खिलाड़ी बताया जो मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज का उदाहरण दिया, जहाँ लंबे ब्रेक के बाद वापसी करते हुए इन दोनों दिग्गजों ने टीम को शानदार जीत दिलाई।लतीफ ने कहा, "रोहित और विराट दोनों ही बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मैच का रुख बदल सकते हैं। आप ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे देख लीजिए। इतने लंबे ब्रेक के बाद वापसी करते हुए दोनों ने टीम को शानदार जीत दिलाई। पहले दो मैचों में विराट ने कुछ खास नहीं किया, लेकिन तीसरे मैच में अपनी क्लास दिखाई। क्लास हमेशा के लिए होती है। रोनाल्डो अभी भी खेल रहे हैं, मेसी भी खेल रहे हैं। रोहित और विराट भारत के रोनाल्डो और मेसी हैं।"

2027 विश्व कप की बढ़ी उम्मीदें

रोहित और विराट टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं और उनकी योजना 2027 का वनडे विश्व कप खेलने की है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में उनके फ्लॉप होने पर सवाल उठने लगे थे, लेकिन रोहित ने दूसरे वनडे में अर्धशतक और तीसरे वनडे में शतक लगाया, जबकि विराट ने तीसरे वनडे में अर्धशतक जड़ते हुए रोहित के साथ शतकीय साझेदारी की। दोनों की फॉर्म और फिटनेस को देखते हुए अगले विश्व कप में उनके खेलने की संभावना निश्चित रूप से बढ़ गई है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुन... और देखें

End of Article