क्रिकेट

चैंपियंस ट्रॉफी में हारकर भी कमाई में जीत गया पाकिस्तान, हुआ इतना फायदा

चैंपियंस ट्रॉफी में शुरुआती दौर से ही बाहर होने वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी में अनुमान से ज्यादा की कमाई की है। इसकी पुष्टि खुद पीसीबी की ओर से की गई है।

Image

पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी (साभार-X)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दावा किया है कि आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी की मेजबानी से उसे तीन अरब रुपये की कमाई हुई है जो उसके दो अरब रुपये के लक्ष्य से अधिक है। पीसीबी ने यह दावा नेशनल असेंबली को लिखित जवाब में किया है जिसने पिछले दो वर्षों में राष्ट्रीय टीम के लगातार खराब प्रदर्शन पर चिंता व्यक्त की है। पीसीबी ने अपने लिखित जवाब में यह भी पुष्टि की है कि कराची, लाहौर और रावलपिंडी में स्टेडियमों के नवीनीकरण पर कुल 18 अरब रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

बोर्ड ने कहा कि नवीनीकरण की प्रक्रिया 2026 तक पूरी हो जाएगी और इसका दूसरा चरण मई में पाकिस्तान सुपर लीग समाप्त होने के बाद शुरू होगा।

पीसीबी ने यह भी कहा कि चैंपियन्स ट्रॉफी और अन्य चीजों के कारण अब तक बजट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।

पीसीबी ने पुष्टि की, ‘‘पीसीबी अपने वित्तीय वर्ष के अंत में सालाना दो ऑडिट से गुजरता है। चालू वित्तीय वर्ष के लिए ऑडिट 30 जून 2025 के बाद होंगे।’’

बोर्ड ने यह भी कहा कि चैंपियन्स ट्रॉफी से मिलने वाली राशि के अंतिम आंकड़े आईसीसी द्वारा अपना वित्तीय ऑडिट पूरा करने के बाद निर्धारित किए जाएंगे।

पीसीबी ने जोर देकर कहा कि कोई अधिक खर्च या कुप्रबंधन नहीं हुआ है क्योंकि चैंपियन्स ट्रॉफी पूरी तरह से आईसीसी द्वारा प्रबंधित की गई थी।

राष्ट्रीय टीम के खराब प्रदर्शन के लिए पीसीबी ने चोटों और खेलने की अलग-अलग परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराया। पीसीबी ने लिखा, ‘‘महत्वपूर्ण लम्हों में प्रमुख खिलाड़ियों को चोटें लगी जिससे टीम का संतुलन और रणनीति प्रभावित हुई।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article