लाहौर: बाबर आजम के विश्व कप 2023 में पाकिस्तान के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कप्तानी छोड़ते ही पीसीबी ने नए कप्तानों का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को टी20 टीम का नया कप्तान चुना है। वहीं टेस्ट टीम की कमान धाकड़ बल्लेबाज शान मसूद के हाथों में सौंपी है।
पीएसएल में शाहीन दिखा चुके हैं कप्तानी का काबिलियत
शाहीन अफरीदी अपनी कप्तानी का काबीलियत पीएसल में दिखा चुके हैं। पीएसएल के पिछले दो सीजन में उनकी कप्तानी में लहौर कलंदर्स ने खिताबी जीत हासिल की थी। ऐसे में टी20 फॉर्मेट के लिए शाहीन के हाथों में कमान सौंपी गई है। वनडे फॉर्मेट में कमान कौन संभालेगा इसका ऐलान नहीं किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया दौरा होगा पहला असाइन्मेंट
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है। जहां उसे तीन टेस्ट मैच खेलने हैं। दौरा 6 दिसंबर को शुरू होगा। दौरे पर पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टेस्ट मैच खेले जाएंगे। ये मैच पर्थ, मेलबर्न और सिडनी में खेले जाएंगे। ऐसे में टीम की कमान 34 वर्षीय शान मसूद संभालेंगे।
मसूद का ऐसा रहा है अंतरराष्ट्रीय करियर
मसूद ने अबतक करियर में 30 टेस्ट, 9 वनडे और 19 टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 1597, वनडे में 163 और टी20 में 395 रन बनाए हैं। मसूद ने साल 2013 में अबुधाबी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। तब से अबतक 10 साल में वो केवल 30 टेस्ट मैच खेल सके।
ऐसा रहा है शाहीन का करियर
वहीं 23 वर्षीय शाहीन शाह अफरीदी ने अबतक पाकिस्तान के लिए 27 टेस्ट, 53 वनडे और 52 टी20आई मैच खेले हैं। जिसमें उन्होंने क्रमश: 105, 104 और 64 विकेट चटका चुके हैं। विश्व कप में भी शाहीन ने शानदार गेंदबाजी की और पाकिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 9 मैच में 18 विकेट अपने नाम किए।
