क्रिकेट

PAK vs ENG 4TH T20I Highlights: चौथे टी20 में भी इंग्लैंड ने रौंदा, टी20 विश्व कप से पहले सीरीज हारा पाकिस्तान

PAK vs ENG 4th T20I Highlights: टी20 विश्व कप 2024 से ठीक पहले खेली गई पाकिस्तान और मेजबान इंग्लैंड के बीच चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का अंत पाकिस्तान के लिए निराशानजानक ही रहा। इंग्लैंड की टीम ने चौथे व अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए सीरीज 2-0 से जीत ली।

Image

पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड चौथे टी20 मैच की रिपोर्ट (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान-इंग्लैंड टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 2024
  • चौथे टी20 में इंग्लैंड ने पाक को 7 विकेट से शिकस्त दी
  • इंग्लैंड ने चार मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम की

PAK (Pakistan) Vs ENG (England) 4th T20 Highlights And Scorecard: आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 से पहले पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीम की ये आखिरी मैच तैयारी थी जब लंदन के द ओवल के मैदान पर 4 टी20 मैचों सीरीज का चौथा व अंतिम मुकाबला वे खेलने उतरे। सीरीज के दो मैच बारिश के कारण रद्द हो चुके थे। इंग्लैंड 1-0 से आगे चल रहा था औऱ चौथे टी20 से ही निर्णय होना था कि पाकिस्तान सीरीज ड्रॉ करा पाता है या फिर इंग्लैंड क्लीन स्वीप करता है। खैर, मेजबान इंग्लिश टीम ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को 7 विकेट से बड़ी जीत दिलाई और 2-0 से पाकिस्तान का क्लीन स्वीप कर दिया।

इस टी20 सीरीज के चौथे व आखिरी टी20 मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने द ओवल के मैदान पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान की तरफ से उनके शुरुआती तीन बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) ने 23 रन, कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) ने 36 रन और उस्मान खान (Usman Khan) ने 38 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम की उम्मीदें जगाईं और 3 विकेट गिरने तक स्कोर 83 रन तक पहुंचा दिया।

फिर लड़खड़ा गया पाकिस्तान का मिडिल ऑर्डर

इसके बाद वही हुआ जिसका सबको अंदेशा था, पाकिस्तान का कमजोर मिडिल ऑर्डर इंग्लैंड के धारदार तेज गेंदबाजों के अलावा स्पिन गेंदबाजों का कहर भी नहीं झेल सका और इफ्तिफार अहमद की 21 रन और नसीम शाह की 16 रनों की पारी के दम पर किसी तरह 19.5 ओवर में वे 157 रन पर बनाकर ऑल-आउट हो गए।

इंग्लैंड के गेंदबाजों का कहर

इंग्लैंड की तरफ से इस दौरान छह खिलाड़ियों ने गेंदबाजी की और कोई भी खाली हाथ नहीं रहा। मार्क वुड, आदिल राशिद और लियाम लिविंगस्टोन ने 2-2 विकेट झटके। जबकि जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer), क्रिस जॉर्डन और मोइन अली ने 1-1 विकेट चटकाया।

इंग्लैंड के बल्लेबाजों का करारा जवाब

इंग्लैंड के सामने 158 रनों का लक्ष्य था। फिल सॉल्ट और कप्तान जोस बटलर की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी करके ही मैच को काफी हद तक सही दिशा में पहुंचा दिया था। सॉल्ट 45 रन बनाकर आउट हुए, जोस बटलर 39 रन बनाकर आउट हुए। विल जैक्स 18 गेंदों में 20 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। ये तीनों ही विकेट पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस राउफ (Haris Rauf) ने लिए। हालांकि इसके बाद जॉनी बेरिस्टो (16 गेंदों में नाबाद 28 रन) और हैरी ब्रुक (14 गेंदों में नाबाद 17 रन) ने इंग्लैंड को 15.3 ओवर में आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

इस 7 विकेटों की जीत के साथ इंग्लैंड ने पाकिस्तान को चार मैचों की सीरीज में 2-0 से पस्त किया और अब 2 जून से वेस्टइंडीज-अमेरिका में शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2024 में इंग्लैंड की टीम बढ़े हुए मनोबल के साथ जाएगी जबकि पाकिस्तानी टीम को अपनी तमाम पुरानी कमजोरियों की एक बार फिर समीक्षा करनी होगी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article