क्रिकेट

PAK vs ENG 3rd T20 पाकिस्तान-इंग्लैंड तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

PAK vs ENG 3rd T20 पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का तीसरा टी20 मैच आज (28 May 2024) कार्डिफ में आयोजित किया जाएगा। सीरीज का पहला टी20 मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था, जबकि दूसरा मुकाबला इंग्लैंड ने जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई हुई है। आइए जानते हैं इस मैच की पिच रिपोर्ट।

Image

पाकिस्तान-इंग्लैंड तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 2024
  • आज पाकिस्ता-इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20 मैच होगा
  • मुकाबला कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेला जाएगा

PAK (Pakistan) vs ENG (England) 3rd T20I आज मेजबान इंग्लैंड और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाना है। टी20 विश्व कप 2024 (T20 World Cup 2024) से पहले तैयारी के रूप में देखी जा रही इस चार मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। वहीं बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीन ने पाकिस्तान को 23 रनों से शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अब आज पाकिस्तान के लिए करो या मरो का मैच होगा क्योंकि अगर इंग्लैंड की टीम जीती तो सीरीज उसके कब्जे में हो जाएगी।

बाबर आजम (Babar Azam) की अगुवाई में खेल रही पाकिस्तानी टीम और जोस बटलर (Jos Buttler) की कप्तानी में खेल रही इंग्लैंड की टीम के बीच दूसरा टी20 मुकाबला बर्मिंघम में काफी दिलचस्प रहा था। उस मैच में इंग्लैंड के कप्तान व ओपनर जोस बटलर ने 51 गेंदों में 84 रनों की पारी खेली थी जबकि विल जैक्स (Will Jacks) ने 23 गेंदों में 37 रन बनाए जिसके दम पर इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोते हुए 183 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में उतरी पाकिस्तानी टीम ने अपने दोनों ओपनर्स 14 रन के अंदर गंवा दिए थे। कप्तान बाबर आजम (32) और फखर जमान (45) के बीच तीसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी हुई लेकिन इंग्लैंड की धारदार गेंदबाजी के आगे पाकिस्तानी टीम 19.2 ओवर में 160 रन पर ही सिमट गई। अब आज इंग्लैंड अपनी जमीन पर एक बार फिर पाकिस्तान को चुनौती देगा, ये मुकाबला कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेला जाएगा। आइए जानते हैं आज की पिच रिपोर्ट।

पाकिस्तान-इंग्लैंड तीसरे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (PAK vs ENG 3rd T20I Pitch Report)

मेहमान पाकिस्तान और मेजबान इंग्लैंड के बीच आज खेला जाने वाला तीसरा टी20 मुकाबला कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स (Sophia Gardens) में होना है। इस मैदान की पिच पर अब तक का सर्वाधिक स्कोर (207 रन) दो साल पहले दक्षिण अफ्रीकी टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच में बनाया था। यहां की पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 150 रन है, यानी यहां बल्लेबाजों को मदद मिलना तय है, लेकिन गेंदबाजों ने भी यहां पर कम कमाल नहीं दिखाया है। ये काफी दिलचस्प बात है कि इस मैदान का सबसे कम स्कोर पाकिस्तानी टीम के नाम ही दर्ज है जब 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए पूरी पाक टीम 89 रन पर ऑल-आउट हो गई थी। कार्डिफ में बल्लेबाजों का दम इसलिए भी पुख्ता होता है क्योंकि यहां पर इंग्लैंड के सर्वाधिक 175 रनों के लक्ष्य को हासिल करने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। गेंदबाजों में सोफिया गार्डन्स की पिच पर तेज गेंदबाजों का ज्यादा जलवा रहा है और आज के मैच में दोनों ही टीमों के पास अच्छा पेस अटैक मौजूद है।

आज कैसा रहेगा कार्डिफ का मौसम (Cardiff Weather Today)

इस टी20 सीरीज का पहला टी20 मुकाबला खराब मौसम और बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था। इंग्लैंड में मौसम समय-समय पर करवट लेता रहता है इसलिए आज तीसरे टी20 मैच से पहले कार्डिफ का मौसम भी जान लेते हैं। आज मौसम विभाग के मुताबिक कार्डिफ में भी पहले टी20 मैच जैसा हाल हो सकता है क्योंकि आज कार्डिफ में तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। तापमान भी काफी ठंडा रहने की उम्मीद है। आज कार्डिफ में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।

पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीमें (Pakistan and England Squads)

इंग्लैंड टी20 क्रिकेट टीमः जोस बटलर (कप्तान), विल जैक्स, क्रिस जॉर्डन, लियाम लिविंगस्टोन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, रीस टॉपले, मार्क वुड, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रुक, मोईन अली, सैम करन, बेन डकेट और टॉम हार्टले।

पाकिस्तानी टी20 क्रिकेट टीमः बाबर आजम (कप्तान), इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद रिजवान, मुहम्मद इरफान खान, नसीम शाह, सईम अयूब, सलमान अली आगा , शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान, इमाद वसीम और मोहम्मद अब्बास अफरीदी, अबरार अहमद, आजम खान, फखर जमान, हारिस रऊफ और हसन अली।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article