सनराइजर्स हैदराबाद के अनकैप्ड खिलाड़ी नीतीश रेड्डी ने आईपीएल इतिहास का पहला अर्धशतक जड़ दिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल के 23वें मुकाबले में रेड्डी ने उस वक्त यह पारी खेली जब सनराइजर्ज की टीम 64 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल परिस्थिति में थी। उन्होंने 5वें विकेट के लिए हेनरिक क्लासेन के साथ तेजी से 36 रन जोड़े।
नीतीश का पहला अर्धशतक
नीतीश ने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक 32 गेंद में पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। नीतीश ने साल 2022 में आरसीबी के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया था। उस मैच में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। 20 साल के नीतीश का जन्म आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में हुआ था। वह एक ऑलराउंडर हैं जो बल्लेबाजी के साथ-साथ मध्यम गति के तेज गेंदबाज भी हैं। उन्हें साल 2023 के ऑक्शन में हैदराबाद ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइस में खरीदा था।
हालांकि, नीतीश रेड्डी अपनी टीम का आखिर तक साथ नहीं दे पाए। वह 37 गेंद में 64 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अर्शदीप सिंह ने कगिसो रवाडा के हाथों कैच करवाया। मैच की बात करें तो नीतीश की इस अर्धशतकीय पारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया। नीतीश के अलावा अब्दुल समद ने 25 रन की पारी खेली। पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह हीरो रहे। उन्होंने 4 ओवर की गेंदबाजी में 29 रन दिए और 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
