IPL 2024 Record: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में मंगलवार रात सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच दिलचस्प और रोमांचक मुकाबला हुआ। पंजाब के मुल्लांपुर में आयोजित हुए इस मुकाबले में हैदराबाद की टीम ने मेजबान पंजाब किंग्स को सिर्फ 2 रन से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के कई खिलाड़ियों ने अपना योगदान दिया, लेकिन टीम के युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) सबसे खास रहे जिन्होंने मैच में कुछ खास कमाल करके दिखाए।
नीतीश कुमार रेड्डी ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से 37 गेंदों में 64 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। यही नहीं, उन्होंने पंजाब किंग्स के शानदार बल्लेबाज जितेश शर्मा (Jitesh Sharma) का विकेट भी हासिल किया। वो सिर्फ यहीं नहीं रुके फील्डिंग में भी उन्होंने अपना योगदान दिया और प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh) का बेहतरीन कैच भी लपका।
ये खास रिकॉर्ड अपने नाम किया
तीनों विभागों में अपना बेहतरीन योगदान देने वाले नीतीश कुमार आईपीएल इतिहास में पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं जिसने एक ही मुकाबले में 50 से ऊपर का स्कोर बनाया, एक विकेट लिया और एक कैच भी लपका।
दूसरे सबसे युवा फिफ्टी किंग भी बने
इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी इस मैच में अर्धशतक जड़कर आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए जिसने पचासा बनाया हो। उन्होंने 20 वर्ष 319 दिन की उम्र में ये कमाल किया है। इस मामले में शीर्ष पर रियान पराग (Riyan Parag) हैं जिन्होंने 19 वर्ष 307 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़कर रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
