क्रिकेट

SA vs WI 2nd T20I: दक्षिण अफ्रीका ने बनाया सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, विंडीज को दी मात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 27, 2023, 12:16 AM IST

ए़डेन मार्करम की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय टी20 में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया।

Image

क्विंटन डिकॉक और रीजा हेंड्रिक्स(साभार ICC)

Photo : Twitter

सेंचुरियन: मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय टी20 में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। साउथ अफ्रीका ने सेंचुरियन के मैदान पर T20I का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर यह बता दिया कि रन चेज पर उनका कोई जवाब नहीं है।

वेस्टइंडीज ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जॉनसन चार्ल्स के आतिशी शतक की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 258 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में जीत के लिए मिले 259 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने क्विंटन डिकॉक की 44 गेंद में 100 और रीजा हेंड्रिक्स की 28 गेंद में 68 रन की आतिशी पारियों की बदौलत 7 गेंद और 6 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। अंत में कप्तान एडेन मार्करम ने 21 गेंद में नाबाद 38 और हेनरिक क्लासेन ने 7 गेंद में 16 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई।

क्विंटन डीकॉक ने जड़ा पहला T20I शतक

259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्विंटन डिकॉक ने अपनी टीम को विस्फोटक शुरुआत दी और केवल 6 ओवर में 100 रन का आंकड़ा छू लिया। डिकॉक ने 44 गेंद पर 9 चौके और 8 छक्कों की मदद से 100 रन की पारी खेली। उनका यह पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक है। डिकॉक और रीजा हेंड्रिक्स के बीच पहले विकेट के लिए 10.5 ओवर में 152 रन की साझेदारी हुई। इस शानदार शुरुआत के बाद द. अफ्रीकी टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

शुरुआती झटके के बाद विंडीज को चार्ल्स-मेयर्स ने संभाला

टॉस जीतकर द. अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया। ऐसे में विंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की तीसरी गेंद पर ब्रेंडन किंग(1) वेन पार्नेल की गेंद पर रीजा हेंड्रिक्स के हाथों लपके गए। इसके बाद काइल मेयर्स ने जॉनसन चार्ल्स के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और 47 गेंद में शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 10 ओवर में 137 रन जोड़े। 11वें ओवर की पहली गेंद पर अर्धशतक पूरा करने के बाद मेयर्स जानसेन की गेंद पर हेंड्रिक्स के हाथों लपके गए। उन्होंने 27 गेंद पर 51 रन बनाए। साझेदारी के दौरान चार्लस ने अपना अर्धशतक 23 गेंद में 7 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।

39 गेंद में चार्ल्स ने पूरा किया शतक

मेयर्स के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए निकोलस पूरन 2 रन बनाकर मार्को जानसेन की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद भी चार्ल्स का आतिशी अंदाज जारी रहा और उन्होंने 39 गेंद में 9 चौके और 9 छक्के की मदद से अपना शतक पूरा कर लिया। 13वें ओवर की पहली गेंद पर वेस्टइंडीज ने 150 रन पूरे कर लिए। दूसरे छोर पर इस दौरान उन्हें रोवमैन पॉवेल का साथ मिला। लेकिन 179 के स्कोर पर जॉनसन चार्ल्स की पारी का अंत जानसेन ने बोल्ड करके कर दिया। उन्होंने 46 गेंद में 118 रन की पारी खेली। इस दौरान 10 चौके और 11 छक्के जड़े।

चार्ल्स के आउट होने के बाद अंत में रोमारियो शेफर्ड ने 18 गेंद में 41 रन की और ओडेन स्मिथ ने 5 गेंद में नाबाद 11 रन की पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में 5 विकेट तक पहुंचा दिया। मार्को जानसेन ने द. अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा तीन और वेन पार्नेल ने 2 विकेट अपने नाम किया।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article