क्रिकेट

CSK vs KKR: कोलकाता के खिलाफ चेन्नई की करारी हार का एमएस धोनी ने किसके सिर पर फोड़ा ठीकरा

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की 8 विकेट के अंतर से करारी हार के बाद कप्तान एमएस धोनी ने टीम को गहन चिंतन करने की सलाह दी है। जानिए धोनी ने और क्या कहा?

Image

एमएस धोनी (साभार IPL/BCCI)

चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एकतरफा मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से मिली हार के बाद कहा कि टीम को गहन चिंतन की जरूरत है और खिलाड़ियों को गलती देखकर सुधारनी होगी।

गहन चिंतन की है जरूरत

केकेआर ने सुनील नारायण (13 रन देकर तीन विकेट, 44 रन) के हरफनमौला प्रदर्शन और शानदार गेंदबाजी से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 59 गेंद रहते आठ विकेट से हरा दिया। नारायण मैन ऑफ द मैच रहे। मैच के बाद धोनी ने कहा,'बस आज ही नहीं इस सत्र में कई बार चीजें हमारे पक्ष में नहीं गई हैं। हमें देखना होगा कि हम कहां गलती कर रहे हैं और उन्हें सुधारना होगा। हमें गहन चिंतन की ज़रूरत है।'

स्कोरबोर्ड को देखकर दबाव लेने

उन्होंने कहा,'स्थिति चुनौतीपूर्ण थी लेकिन हमें उससे निपटना चाहिए था। स्कोरबोर्ड पर पर्याप्त रन नहीं थे। गेंद रुक कर आ रही थी और वैसे स्पिन आक्रमण के सामने यह मुश्किल होता है। आप विकेट गंवा देते हैं तो मैच में वापस आना मुश्किल होता है। हमारे पास बेहतरीन सलामी बल्लेबाज हैं। पर जरूरी है कि स्कोरबोर्ड को देखकर हम अपने ऊपर दबाव नहीं लें।'

सीएसके को मिली लगातार पांचवीं हार

सीएसके की यह लगातार पांचवीं हार थी। चेपॉक में अब तक के अपने न्यूनतम स्कोर पर सिमटने के बाद पहली बार उसे अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीसरी हार मिली। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सीएसके के लिए कुछ भी सही नहीं रहा और केकेआर की शानदार गेंदबाजी के सामने नौ विकेट पर 103 रन ही बना सकी। केकेआर ने नारायण की 18 गेंद में दो चौके और पांच छक्के जड़ित 44 रन की पारी से यह लक्ष्य 10.1 ओवर में दो विकेट पर 107 रन बनाकर हासिल कर लिया।

चेन्नई के खिलाफ रणनीति के साथ उतरे थे-रहाणे

केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा,'मैं यहां खेल चुका हूं, मोईन खेल चुके हैं और डीजे (ब्रावो) को भी यहां की परिस्थितियों के बारे में पता था। हम रणनीति के साथ उतरे थे। हमें नहीं लगा था कि विकेट पर गेंद इतना रुक कर आएगी लेकिन मैं अपने गेंदबाजों से श्रेय नहीं लेना चाहता। मैं गेंदबाजों के प्रदर्शन से काफी खुश हूं। पहले हम सिर्फ़ दो अंक हासिल करने के बारे में सोच रहे थे लेकिन छह ओवर के बाद हमने तय किया कि जितना जल्दी हो सके इस मैच को समाप्त किया जाए। मैं टीम के सकारात्मक जज्बे से खुश हूं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article