मुंबई इंडियन्स का ऐलान, रोहित शर्मा होंगे IPL 2027 के लिए टीम के कप्तान

मुंबई इंडियन्स ने रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम का कप्तान नियुक्त किया है। रोहित की कप्तानी में पांच खिताब जीतने वाली मुंबई पलटन पिछले 6 साल से खिताब नहीं जीत सकी है।

मुंबई: मुंबई इंडियन्स ने बड़ा कदम उठाते हुए रोहित शर्मा को आईपीएल 2027 के लिए टीम का कप्तान फिर से नियुक्त किया है। रोहित शर्मा साल 2013 से 2023 तक टीम के कप्तान रहे थे। हार्दिक पांड्या को साल 2024 में ट्रेड के जरिए टीम में शामिल करके मुंबई ने टीम की कमान उनके हाथ में सौंप दी थी।साल 2020 में आखिरी बार आईपीएल खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियन्स ने ट्रॉफी के 6 साल से सूखे को खत्म करने के लिए हिटमैन के हाथों में टीम की कमान फिर से सौंप दी है। रोहित की कप्तानी में मुंबई पांच बार चैंपियन बनी है उनके अलावा और कोई कप्तान उन्हें खिताबी जीत नहीं दिला सका।

Rohit Sharma

रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट Mumbai Indians)

नीता भाभी और आकाश के साथ हुई उत्साहजनक बातचीत

मुंबई इंडियंस की दोबारा कमान संभालने के बाद रोहित शर्मा ने कहा, 'मुंबई इंडियंस मेरे जीवन का एक अहम हिस्सा रही है। इस टीम की कप्तानी करने पर मुझे हमेशा से बहुत गर्व रहा है। आने वाले सीजन को लेकर नीता भाभी और आकाश के साथ हुई बातचीत काफी उत्साहजनक रही है, और मुझे पूरा भरोसा है कि हम बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। मैं 20वें सीजन के लिए तैयार हूं, आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हूं, और अपनी ‘पलटन’ को जश्न मनाने के कई मौके देने के लिए तैयार हूं। हमारा पूरा ध्यान अपने अंदाज में क्रिकेट खेलने, एक साथ मिलकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर होगा।'

ऐसा रहा है रोहित शर्मा का आईपीएल में कप्तानी रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने 2013 से 2023 तक आईपीएल में 158 मैचों में कप्तानी की है, जिनमें से 87 मैच में टीम को जीत और 67 में हार मिली। वहीं चार मुकाबले 4 ड्रॉ रहे जिनका फैसला सुपर ओवर के जरिए हुआ। उनकी कप्तानी में टीम ने 5 आईपीएल खिताब (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) जीते। साल 2021 से 2026 तक मुंबई लगातार छह सीजन खिताब जीतने में नाकाम रही है। ऐसे में मुंबई ने एक बार फिर अपने सबसे सफल और चैंपियन कप्तान पर भरोसा जताया है।

रोहित का मुंबई पलटन के साथ रिश्ता है खास

रोहित शर्मा की ताजपोशी का ऐलान करते हुए आकाश अंबानी ने कहा, 'मुझे बहुत खुशी है कि हमारे ऐतिहासिक 20वें सीजन में रोहित 'ब्लू एंड गोल्ड' (मुंबई इंडियंस) की कमान संभालेंगे। मुंबई इंडियंस और हमारी 'पलटन' के साथ रोहित का रिश्ता वाकई बहुत खास है। आने वाले सीजन को लेकर चर्च के दौरान हम सभी के बीच एक जैसा उत्साह और लक्ष्य था कि हम मिलकर क्या कुछ हासिल कर सकते हैं। रोहित के अनुभव और नेतृत्व, और हम जिस शानदार टीम को तैयार कर रहे हैं, उसे देखते हुए आगे के लिए बहुत कुछ उम्मीदें हैं। हम ऐसा क्रिकेट खेलना चाहते हैं जिस पर हमारी ‘पलटन’ को गर्व हो और हम मिलकर कई और यादगार पल बना सकें।'

रोहित को देखा है एक क्रिकेटर, चैंपियन और लीडर बनते

रोहित की मुंबई इंडियन्स के कप्तान के रूप में वापसी के बारे में नीता अंबानी ने कहा, 'हमने 2011 में रोहित के लिए बोली लगाई थी, और उसी पल से वह हमारे मुंबई इंडियंस परिवार का हिस्सा बन गए। मुझे आज भी वह युवा रोहित याद है जो हमारे साथ जुड़ा था। इतने सालों में उन्हें एक क्रिकेटर, चैंपियन, लीडर और एक बेहतरीन पारिवारिक इंसान के रूप में आगे बढ़ते देखना हमारे लिए बहुत खुशी और गर्व की बात है।'

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed