Nehal Wadhera Profile: आईपीएल की शुरुआत इस उद्देश्य से की गई थी कि भारत के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच मिल सके। ये सिलसिला पहले सीजन से सोलहवें सीजन तक बदस्तूर जारी है। आईपीएल ने कई अनजान खिलाड़ियों को एक ही रात में स्टार बना दिया। ऐसा ही एक बार फिर होता हुआ रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और मुंबई इंडियन्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान देखने को मिला।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने मुंबई को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। मुंबई ने 8.5 ओवर में 48 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। रोहित शर्मा, ईशान किशन, कैमरन ग्रीन और सूर्यकुमार यादव जैसे धाकड़ खिलाड़ियों के आउट होने के बाद 22 साल के नेहाल वढेरा बल्लेबाजी के लिए उतरे।
कर्ण शर्मा की गेंद पर जड़ा 101 मीटर लंबा छक्का
आईपीएल डेब्यू कर रहे नेहाल के नाम से प्रशंसक अनजान थे। लेकिन थोड़ी ही देर में अपनी आतिशी बल्लेबाजी के बल पर नेहाल ने अपनी पहचान बना ली। नेहाल ने एक छोर संभाले तिलक वर्मा के साथ बल्लेबाजी करते हुए तेजी से 13 गेंद में 21 रन जड़ दिए जिसमें 2 छक्के शामिल था। उनके बल्ले से निकला छक्का ऐसा वैसा नहीं था। वो आईपीएल 2023 में 100 मीटर लंबा छक्का जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर कर्ण शर्मा की गेंद को मिड विकेट की दिशा में छक्के के लिए भेज दिया। गेंद 101 मीटर दूर जाकर गिरी।
छोटी सी पारी से फैन्स के मन में छोड़ी छाप
बांए हाथ के बल्लेबाज नेहाल वढेरा 101 मीटर लंबा छक्का जड़ने के बाद कर्ण शर्मा की ही गेंद में फसकर विराट कोहली के हाथों लपक गए। लेकिन उन्होंने अपनी 13 गेंद में 21 रन की आतिशी पारी से ये तो बता दिया कि वो लंबी रेस के घोड़े हैं। दबाव की स्थिति में उन्होंने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करके ये साबित कर दिया कि बार चमक बिखेरकर ओझल होने वाले खिलाड़ी नहीं हैं।
पंजाब के लिए खलते हैं घरेलू क्रिकेट
4 सितंबर, 2000 को पंजाब के लुधियाना में जन्मे नेहार वढेरा भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम के सदस्य रहे हैं। वो पंजाब की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। इसी साल जनवरी में उन्होंने पंजाब के लिए गुजरात के खिलाफ रणजी डेब्यू किया था। पंजाब के लिए 5 मैच की 7 पारियों में उन्होंने 53.71 के औसत से 376 रन बनाए जिसमें 2 शतक शामिल थे।
रणजी डेब्यू में जड़ा था शतक
गुजरात के खिलाफ डेब्यू पारी में उन्होंने शतक जड़कर रणजी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद मध्यप्रदेश के खिलाफ मोहाली में तीसरे मैच में दोहरा शतक जड़ दिया। उन्होंने मैच में 214 रन की पारी खेली। बल्लेबाजी के साथ-साथ नेहल वढ़ेरा काम चलाऊ लेग स्पिन गेंदबाजी भी कर लेते हैं। इसलिए आईपीएल में उनकी अहमियत ज्यादा होगी।
