क्रिकेट

आयरलैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी को मिले टीम इंडिया में जगह, पूर्व BCCI चीफ सेलेक्टर ने उठाई मांग

आईपीएल में दमदार प्रदर्शन करने के चलते वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में शामिल करने की मांग तेज हो गई है। पूर्व भारतीय खिलाड़ियों के बाद बीसीसीआई के पूर्व चीफ सेलेक्टर ने भी सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने की मांग उठा दी है। उनका मानना है कि वह केवल असाधारण प्रतिभा ही नहीं हैं। वह टी20 क्रिकेट में विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल हैं।

Image

वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में शामिल की मांग तेज। फोटो- IPL

नई दिल्ली। आईपीएल में दमदार प्रदर्शन करने के चलते वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में शामिल करने की मांग तेज हो गई है। पूर्व भारतीय खिलाड़ियों के बाद बीसीसीआई के पूर्व चीफ सेलेक्टर ने भी सूर्यवंशी को टीम में शामिल करने की मांग उठा दी है। एमएसके प्रसाद ने कहा कि उन्हें तुरंत ही भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए।

भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने वैभव सूर्यवंशी को ’अति प्रतिभाशाली’ और ’टी20 क्रिकेट में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ करार देते हुए कहा कि इस महीने के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए।

'वह केवल असाधारण प्रतिभा नहीं'

प्रसाद ने पीटीआई से कहा, वह केवल असाधारण प्रतिभा ही नहीं हैं। वह टी20 क्रिकेट में विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्हें तुरंत ही भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए। भारत ए के साथ श्रीलंका दौरे के बाद उन्हें आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि उन्हें भारत की सीनियर टीम में चुना जा सकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि वह श्रीलंका में भारत ए की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्हें इंतजार करवाने का कोई मतलब नहीं होगा। वह जल्द ही भारत के लिए खेलेंगे और लंबे समय तक खेलते रहेंगे।

लक्ष्मण और द्रविड़ का मिला मार्गदर्शन

प्रसाद ने इसके साथ ही कहा कि सूर्यवंशी अभी केवल 15 साल के हैं और उनको अच्छी तरह से संभालना बेहद जरूरी है। प्रसाद ने कहा, मुझे लगता है कि उन्हें कुछ समय के लिए (वीवीएस) लक्ष्मण या (राहुल) द्रविड़ के मार्गदर्शन में रहना चाहिए। वे ही ऐसे लोग हैं जो उन्हें विनम्र बनाए रख सकते हैं। इस स्तर पर उनके करियर को सही दिशा देने के लिए यह जरूरी है।

19वें सीजन में बनाए सबसे अधिक रन

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में सर्वाधिक 776 रन बनाए। उनके बल्ले से 72 छक्के निकले। वैभव के प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें टीम में शामिल करने की मांग उठा दी है। हालांकि, कुछ दिग्गज खिलाड़ियों का मानना है कि उन्हें अभी और मेच्योर होने दिया जाए।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article