मुंबई: मोहम्मद शमी का करिश्माई प्रदर्शन विश्व कप 2023 में बदस्तूर श्रीलंका के खिलाफ भी जारी रहा। अपनी कहर बरपाती तेज गेंदबाजी के बल पर शमी ने 18 रन देकर 5 विकेट झटके और विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विश्व कप में शमी भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। उनके खाते में 45 विकेट हो गए हैं। शमी, बुमराह और सिराज की तिकड़ी की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने श्रीलंका को 55 रन पर ढेर करके 302 रन के विशाल अंतर से मैच जीत लिया।
रिदम की वजह से आता वानखेड़े में तूफान
जीत के बाद वानखेड़े स्टेडियम में गेंदबाजी नहीं हो रही थी तूफान आ गया था इस सवाल के जवाब में शमी ने कहा, जो रिदम मेरी चल रही है उसकी वजह से तूफान देखने को मिला है। जो बॉलिंग यूनिट हमारी कमाल कर रही है। जिस रिदम में हम सब बॉलिंग कर रहे हैं मुझे लगता है कि उसे देखकर शायद ही कोई इन्जॉय ना करे। सब एक इकाई के रूप में प्रदर्शन कर रहे हैं और एक दूसरे के प्रदर्शन को एन्जॉय कर रहे हैं। हम एक साथ मिलकर गेंदबाजी कर रहे हैं उसका रिजल्ट आपको देखने को मिल रहा है।
लय और लाइन लेंथ बनाए रखना का मिला फायदा
विश्व कप में सबसे सफल भारतीय बनने की यात्रा में एक भी एलबीडब्लू विकेट नहीं होने के सवाल पर शमी ने कहा, मैं अच्छी लाइन में गेंद डालने की कोशिश और अच्छी रिदम में करता हूं। बड़े टूर्नामेंट में अगर आप लय खो देते हैं तो उसे वापस हासिल करपाना बेहद मुश्किल होता है। इसलिए शुरुआत से ही विश्व कप में गेंदबाजी के दौरान ध्यान सही जगह और सही लेंथ पर गेंद फेंकने पर रहा है और यह मेरे लिए कारगर रहा है तो मैं क्यों उसे बार-बार ना दोहराऊं?
मेरी गेंदबाजी में नहीं है कोई रॉकेट साइंस
शमी ने आगे कहा, लगातार ऐसा कर पाना मुश्किल है लेकिन मैं फिर वही कहूंगा कि अगर आपकी लय अच्छी है,आप सही जगह पर गेंद डालेंगे तो आप पिच से मदद हासिल कर सकते हैं। तो ये बाद सबसे अहम होती है। इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं है। ये सब अच्छी लय, अच्छे खान पान और खुद तो तनावमुक्त रखने और प्रशंसको से मिल रहे बेइंतहां प्यार का नतीजा है। शमी ने अंत में कहा, फैन्स की इस सफलता में अहम भूमिका है। आप देश के बाहर भी जाते हैं तो आपको बहुत सपोर्ट मिलता है। ऐसे में मैं हर किसी को खुश करने की कोशिश करूंगा।
